JEE Advanced Result 2026 Date & Time: देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश का सपना देख रहे लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है. JEE Advanced 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की 1 जून 2026 को JEE Advanced 2026 का परिणाम घोषित करेगा. रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.
इसके साथ ही परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी (Final Answer Key) भी उसी दिन जारी की जाएगी, जिससे छात्र अपने प्रदर्शन का विस्तृत विश्लेषण कर सकेंगे.
JEE Advanced 2026 परीक्षा कब हुई थी?
JEE Advanced 2026 परीक्षा का आयोजन 17 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. परीक्षा दो चरणों पेपर 1: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और पेपर 2: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हुई थी. दोनों पेपरों की अवधि तीन-तीन घंटे निर्धारित की गई थी. परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषयों से प्रश्न पूछे गए थे, जिनके आधार पर उम्मीदवारों की मेरिट तैयार की जाएगी.
JEE Advanced Result 2026 कैसे चेक करें?
JEE Advanced की ऑफिशियल वेबसाइट jeeadv.ac.in खोलें.
होमपेज पर उपलब्ध “JEE Advanced Result 2026” लिंक का चयन करें.
अपना रोल नंबर, जन्म तिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें.
जानकारी सबमिट करते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा.
भविष्य की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के लिए स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सुरक्षित रखें.
स्कोरकार्ड में क्या जानकारी होगी?
JEE Advanced स्कोरकार्ड में उम्मीदवार द्वारा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स में प्राप्त अंक अलग-अलग दर्शाए जाएंगे. इसके अलावा तीनों विषयों के कुल अंकों के आधार पर उम्मीदवार का ओवरऑल स्कोर भी उपलब्ध होगा. रैंक सूची में स्थान पाने के लिए अभ्यर्थियों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त करने के साथ-साथ कुल अंकों की पात्रता भी पूरी करनी होगी. इसी आधार पर ऑल इंडिया रैंक (AIR) तैयार की जाएगी.
काउंसलिंग प्रक्रिया पर रहेगी नजर
रिजल्ट जारी होने के बाद योग्य उम्मीदवारों के लिए JoSAA काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी. इसी प्रक्रिया के माध्यम से IIT, NIT और अन्य प्रमुख तकनीकी संस्थानों में सीट आवंटन किया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें और काउंसलिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों पर विशेष ध्यान दें.