JEE Advanced AAT Result 2026: देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में आर्किटेक्चर की पढ़ाई करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए JEE Advanced के बाद Architecture Aptitude Test (AAT) देना अनिवार्य होता है. यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाती है जो IITs के Bachelor of Architecture (B.Arch.) कार्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं.
हालांकि AAT परीक्षा से जुड़ी एक बात हर साल छात्रों को हैरान करती है. परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद न तो कोई स्कोर बताया जाता है और न ही किसी प्रकार की रैंक जारी की जाती है. उम्मीदवारों को केवल यह जानकारी दी जाती है कि वे “Qualified” हैं या “Not Qualified”.
AAT परीक्षा का उद्देश्य क्या है?
AAT को सामान्य प्रवेश परीक्षाओं की तरह अंकों की प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं बनाया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य यह जांचना है कि उम्मीदवार में आर्किटेक्चर की पढ़ाई के लिए आवश्यक योग्यता और रचनात्मक सोच मौजूद है या नहीं. इस परीक्षा में छात्रों की कल्पनाशक्ति, ड्राइंग क्षमता, डिजाइन समझ, अवलोकन कौशल और स्थानिक सोच (Spatial Ability) का मूल्यांकन किया जाता है. यही कारण है कि AAT को एक एप्टीट्यूड टेस्ट माना जाता है, न कि रैंकिंग आधारित प्रतियोगी परीक्षा.
IITs रैंक और स्कोर क्यों नहीं बताते?
AAT का स्वरूप एक क्वालिफाइंग टेस्ट का है. इसमें उम्मीदवारों को केवल न्यूनतम आवश्यक मानकों के आधार पर आंका जाता है. जो छात्र निर्धारित स्तर को प्राप्त कर लेते हैं, उन्हें क्वालिफाइड घोषित कर दिया जाता है. चूंकि परीक्षा का उद्देश्य मेरिट लिस्ट तैयार करना नहीं है, इसलिए रैंक या अंक जारी करने की जरूरत नहीं पड़ती. IITs का मानना है कि आर्किटेक्चर में प्रवेश के लिए उम्मीदवार की बुनियादी योग्यता का मूल्यांकन अधिक महत्वपूर्ण है, न कि छात्रों के बीच स्कोर की प्रतिस्पर्धा.
फिर B.Arch में एडमिशन किस आधार पर मिलता है?
कई छात्रों के मन में यह सवाल होता है कि यदि AAT में रैंक नहीं मिलती तो प्रवेश कैसे तय होता है. इसका जवाब JEE Advanced की Common Rank List (CRL) में छिपा है. दरअसल, AAT केवल पात्रता (Eligibility) सुनिश्चित करता है. इसके बाद IITs में B.Arch सीटों का आवंटन JEE Advanced में प्राप्त CRL रैंक के आधार पर किया जाता है. JoSAA काउंसलिंग के दौरान योग्य उम्मीदवार अपनी पसंद के संस्थान और कोर्स के लिए विकल्प भर सकते हैं.
यदि आपके AAT परिणाम में केवल “Qualified” लिखा है तो चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. यही स्टेटस आपको IITs के आर्किटेक्चर प्रोग्राम में प्रवेश प्रक्रिया के लिए योग्य बनाता है. इसके बाद आपका पूरा ध्यान JoSAA काउंसलिंग और JEE Advanced रैंक के आधार पर सीट आवंटन पर होना चाहिए.