DU UG Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में अंडरग्रेजुएट (UG) कोर्स में दाखिले का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है. विश्वविद्यालय ने DU UG Admission 2026 के तहत कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के फेज-I और फेज-II की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 को पूरी कर ली है. अब छात्रों की नजर पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट पर है, जिसे 16 जुलाई 2026 शाम 5 बजे जारी किया जाएगा.
इस बार भी B.Com (ऑनर्स), B.Com और BA (ऑनर्स) इंग्लिश छात्रों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं. इसके अलावा पॉलिटिकल साइंस, हिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, जूलॉजी, लाइफ साइंस और मैथ्स जैसे कोर्सों की भी काफी मांग देखने को मिली.
DU Admission 2026: कितने छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन?
विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 2,73,751 उम्मीदवारों ने CSAS पोर्टल पर साइन-अप किया, जबकि 2,18,284 छात्रों ने अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की.
इनमें शामिल हैं:
97,775 पुरुष उम्मीदवार
1,20,509 महिला उम्मीदवार
रजिस्ट्रेशन के आंकड़े बताते हैं कि इस साल भी दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रवेश को लेकर छात्रों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
सबसे ज्यादा पसंद किए गए UG कोर्स
इस वर्ष छात्रों ने जिन कोर्सों को सबसे अधिक प्राथमिकता दी, उनमें शामिल हैं.
B.Com (ऑनर्स)
B.Com
BA (ऑनर्स) इंग्लिश
BA (ऑनर्स) पॉलिटिकल साइंस
BA (ऑनर्स) हिस्ट्री
BA प्रोग्राम (हिस्ट्री + पॉलिटिकल साइंस)
BSc (ऑनर्स) जूलॉजी
BSc (ऑनर्स) मैथ्स
BSc प्रोग्राम लाइफ साइंस
BA (ऑनर्स) इकोनॉमिक्स
पहली सीट नहीं मिली तो क्या करें?
अगर पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट में आपका नाम नहीं आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. दिल्ली यूनिवर्सिटी के अनुसार, ऐसे छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. जिन उम्मीदवारों को पहले राउंड में सीट नहीं मिलेगी, उन्हें CUET स्कोर, भरे गए कॉलेज और कोर्स विकल्पों तथा उपलब्ध सीटों के आधार पर स्वतः अगले राउंड में शामिल किया जाएगा.
दूसरी सीट अलॉटमेंट लिस्ट 25 जुलाई 2026 को जारी होगी. यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो विश्वविद्यालय अतिरिक्त राउंड भी आयोजित करेगा.
सीट मिलने पर क्या करना होगा?
यदि पहली सूची में आपको सीट आवंटित होती है, तो सबसे पहले CSAS पोर्टल पर लॉगिन कर अपने कॉलेज, कोर्स, कैटेगरी और अन्य विवरणों की जांच करें. यदि आप आवंटित सीट से संतुष्ट हैं, तो 16 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच सीट स्वीकार (Accept) करना अनिवार्य होगा.
इसके बाद संबंधित कॉलेज ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन करेगा. सत्यापन पूरा होने के बाद छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर एडमिशन फीस जमा करनी होगी. कॉलेज 16 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक दस्तावेजों की जांच और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करेंगे.
DU में कितनी सीटें उपलब्ध हैं?
दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध 67 कॉलेजों में इस बार कुल 73 अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम और 150 से अधिक BA प्रोग्राम कॉम्बिनेशन के तहत लगभग 71,600 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे. DU UG Admission 2026 का पहला सीट अलॉटमेंट राउंड लाखों छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. यदि पहली सूची में सीट नहीं मिलती है तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि विश्वविद्यालय कई अलॉटमेंट राउंड आयोजित करेगा.
ये भी पढ़ें…