DU BTech Admission 2026-27: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BTech कार्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इंजीनियरिंग की पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है. विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन विंडो को सक्रिय कर दिया है, जिसके माध्यम से योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार जो कोई भी इसके लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट admission.uod.ac.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं.
जो छात्र JEE (Main) 2026 परीक्षा में शामिल हुए हैं, वे इस प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने के योग्य हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है.
JEE Main स्कोर के आधार पर मिलेगा प्रवेश
दिल्ली यूनिवर्सिटी के BTech कोर्स में प्रवेश पूरी तरह JEE (Main) 2026 में प्राप्त प्रदर्शन के आधार पर दिया जाएगा. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीटों का आवंटन ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) के अनुसार किया जाएगा. इसलिए उम्मीदवारों के लिए JEE Main में प्राप्त रैंक प्रवेश प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
आवेदन प्रक्रिया कैसे करें?
रजिस्ट्रेशन शुरू करने के लिए उम्मीदवारों को अपने JEE Main 2026 एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की आवश्यकता होगी. पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद उम्मीदवार आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकते हैं. आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी आवश्यकता के समय उसका उपयोग किया जा सके.
आवेदन शुल्क कितना है?
काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया के लिए शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है. UR, OBC-NCL और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1,500 रुपये है. वहीं SC, ST और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को 1,200 रुपये का भुगतान करना होगा. यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल है, इसलिए आवेदन करने से पहले सभी जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लेना आवश्यक है.
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
विश्वविद्यालय ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं. उम्मीदवारों का नाम और जन्म तिथि JEE Main आवेदन में दर्ज जानकारी से पूरी तरह मेल खाना चाहिए. इसके अलावा, एक सक्रिय ईमेल आईडी अनिवार्य है क्योंकि सत्यापन के लिए OTP उसी ईमेल पर भेजा जाएगा. बेहतर अनुभव के लिए विश्वविद्यालय ने Google Chrome के नवीनतम संस्करण का उपयोग करने की सलाह दी है.
पहले से तैयार रखें ये दस्तावेज
आवेदन शुरू करने से पहले उम्मीदवारों को अपना पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और यदि लागू हो तो श्रेणी प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी तैयार रखनी चाहिए. विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम तिथि के नजदीक पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक होने की संभावना रहती है. इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और आखिरी समय की परेशानी से बचें.