Delhi Crime News: नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र में बदले की नीयत से एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात सोमवार रात करीब 11 बजे की है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल व कार बरामद कर ली है.
घटना वजीराबाद के संगम विहार स्थित डिवाइन अस्पताल के पास गली नंबर 14 की है, जहां सोमवार रात गोलियां चलने से सनसनी फैल गई. घायल अवस्था में रवि नाम के युवक को ईआरवी टीम अस्पताल ले गई, जिसे दो गोलियां लगी थीं. इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई.
मर्डर केस में आरोपी था मृतक रवि
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रवि खुद भी एक मर्डर केस में आरोपी था. वो नेताजी सुभाष पैलेस थाने के FIR नंबर 14/21 में आरोपी था और अक्टूबर 2026 में ही जमानत पर बाहर आया था.
बीती रात रवि अपने जान-पहचान के लोगों के साथ शराब पी रहा था. उसी दौरान उसके साथ मौजूद कमाल गोस्वामी, जो 2021 में मारे गए व्यक्ति का दोस्त था, वो बदले की नीयत से आया था. कमाल वजीरपुर की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है.
कार से बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग
शराब पीने के बाद सभी एक कार में सवार हुए और बातचीत करने लगे. जैसे ही रवि कार से बाहर निकला, कमाल गोस्वामी ने पिस्टल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
इस मामले में पुलिस ने वजीरपुर निवासी कमाल गोस्वामी और मोनू को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सफेद स्विफ्ट कार और पिस्टल बरामद कर ली है. अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है.