South Delhi Hotel Fire: दक्षिण दिल्ली में मालवीय नगर इलाके में स्थित फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार (03 जून, 2026) को भीषण आग लगने से 21 लोगों की जान चली गई. इस हादसे में जान गंवाने वालों में से 10 भारतीय और 11 विदेशी नागरिक हैं. विदेशों नागरिकों में से 9 अफ्रीकी और 2 तुर्कमेनिस्तान के हैं. पूर्व में विदेशी नागरिकों की मौत का आंकड़ा 17 बताया था, लेकिन बाद में खुलासा हुआ तो इनकी संख्या 11 है. इस गंभीर हादसे में दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया है. लवकेश बजाज पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है. हादसे के बाद पुलिस लवकेश के घर पहुंची तो वह परिवार समेत गायब मिला था, लेकिन बाद में उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया गया.
इस बीच दिल्ली के मालवीय नगर में लेमन ग्रीन नाम के रेस्तरां में आग लगने से 21 लोगों की मौत होने और कई लोगों के झुलसने के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पता चला है कि फ्लोरिश स्टे B&B के मालिक लवकेश बजाज आग भड़कने के दौरान ही घटनास्थल पर पहुंचा था. इस दौरान वह करीब 10-15 मिनट तक खड़े रहने के बाद गायब हो गया. जान जानकारी स्थानीय निवासी ने गुरुवार (04 जून, 2026) को दी.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, हौज रानी के रहने वाले 37 वर्षीय मोहम्मद वसीम ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचा था और इमारत से धुआं निकलते देख रहा था. वसीम ने कहा कि उसने सुबह 8:52 बजे लवकेश बजाज को फोन किया और 26 सेकेंड तक बात की. मैंने उन्हें बताया कि आग बहुत बड़ी है. उन्होंने कहा कि उन्हें पता है. मैंने उनसे आने को कहा और फिर फोन काट दिया.
रेस्तरां में रोज आते थे लवकेश
वसीम की मानें तो लवकेश बजाज करीब 10 मिनट बाद वहां पहुंचे. वसीम ने आगे कहा कि मैंने उन्हें सफेद टी-शर्ट पहने खड़े देखा. मैं बचाव कार्यों में व्यस्त था, इसलिए मैं उनसे बात करने नहीं गया, लेकिन मुझे पता है कि वह वहां 10-15 मिनट तक रुके थे. उधर, वसीम और पुलिस के अनुसार, लवकेश बजाज आस-पड़ोस में दो और B&B चलाते हैं और फ्लोरिश स्टे B&B के नीचे बने रेस्तरां में रोज आते-जाते थे. इससे पहले वह कंस्ट्रक्शन मटीरियल का कारोबार करते थे.
लाइसेंस में जय मिश्रा का नाम
जांच में अब तक यह भी खुलासा हुआ है कि B&B के मालिक लवकेश बजाज थे, लेकिन लाइसेंस में उनके मैनेजर जय मिश्रा का नाम मालिक के तौर पर दर्ज है. ऐसे में उन्हें ही उस जगह पर रहने का नियम था. पुलिस ने बताया कि जय मिश्रा का ज़िक्र कोर्ट के दस्तावेज़ों में अकाउंटेंट के तौर पर है, जबकि राकेश नाम के एक अन्य व्यक्ति के साथ फरार हैं. कोर्ट के दस्तावेज़ों के अनुसार, राकेश भी उस B&B का मैनेजर है.
फोरेंसिक टीम ने दोबारा किया घटनास्थल का दौरा
इस मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने दिल्ली नगर निगम (MCD) को इमारत के स्ट्रक्चरल इंस्पेक्शन (ढांचे की जांच) के लिए और BSES को इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन (बिजली की जांच) के लिए पत्र लिखा है. गुरुवार को एक फोरेंसिक टीम ने दोबारा घटनास्थल का दौरा किया था. जांच में यह भी सामने आया है कि इस B&B को सिर्फ़ छह कमरे चलाने की अनुमति थी, लेकिन यह कई मंज़िलों पर 25 कमरे चला रहा था. इसमें आग से बचने का कोई रास्ता (फायर एग्जिट) भी नहीं था. बुधवार को लगी आग में कुल 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 विदेशी शामिल थे.