Home > दिल्ली > दिल्ली में 19 मई को लग सकता है महाजाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की गाइडलाइन, जानें क्या हैं नियम!

दिल्ली में 19 मई को लग सकता है महाजाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की गाइडलाइन, जानें क्या हैं नियम!

Delhi Traffic Advisory 19 may: दिल्ली में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहे हैं जिनको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट एडवाइजरी जारी की है. 19 मई को भारत मंडपम के आसपास रिहर्सल की वजह से कई रास्ते प्रभावित रहेंगे. जिसके लिए दिल्ली पुलिस ने कुछ गाइडलाइन जारी की है.

By: Shivangi Shukla | Published: May 18, 2026 6:42:31 PM IST



अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो 19 मई को घर से निकलने से पहले सावधान हो जाइये, क्योंकि 19 मई को राजधानी की सड़कों पर महाजाम की स्थिति बनने वाली है.

बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में होने वाले दो बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों को लेकर एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. भारत मंडपम में 28 मई से 1 जून तक दो बड़े कार्यक्रम ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट’ और ‘इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट’ का आयोजन होने जा रहा है. इसी की तैयारियों के लिए 19 मई 2026 को दिल्ली में एक बड़ी रिहर्सल की जाएगी, जिससे कई इलाकों में ट्रैफिक पर सीधा असर पड़ेगा.

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 19 मई को दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक समिट की रिहर्सल चलेगी. इस दौरान एसपी मार्ग और मथुरा रोड सबसे ज्यादा प्रभावित मार्ग रहेंगे, जहां रास्ता बंद होने की वजह से काफी देर तक जाम लग सकता है. सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर इन रास्तों को कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है. साथ ही भारत मंडपम के आसपास के इलाकों में भी भारी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा.

ये रास्ते जाम में फंसने से बचाएंगे 

जाम से बचने और समय पर अपनी मंजिल तक पहुँचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ वैकल्पिक रूट सुझाए हैं:

  1. रिंग रोड और वंदे मातरम् मार्ग: ये दोनों मार्ग दोनों दिशाओं में पूरी तरह चालू रहेंगे.
  2. एयरपोर्ट जाने वालों के लिए: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले यात्री NH-8 और गुरुग्राम रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं, यह रूट खुला रहेगा.
  3. नॉर्थ से साउथ दिल्ली: इस रूट पर यात्रा करने वाले लोग राजघाट और सराय काले खां होकर जाएं.
  4. वेस्ट से साउथ दिल्ली: धौला कुआं, मोती बाग और बिकाजी कामा प्लेस रूट का इस्तेमाल करना सबसे बेहतर रहेगा.
  5. ईस्ट से साउथ दिल्ली: सराय काले खां और बारापुला-आश्रम चौक कॉरिडोर से होकर अपनी यात्रा पूरी करें.

भारत मंडपम आने वालों के लिए जरूरी गाइडलाइन

जो लोग किसी जरूरी काम से भारत मंडपम की तरफ आ रहे हैं, उनके लिए भी खास दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं:

पार्किंग: वाहनों के लिए भैरों मंदिर पार्किंग का इस्तेमाल करना होगा.
एंट्री गेट: भारत मंडपम में प्रवेश केवल गेट नंबर 4 और गेट नंबर 10 से ही मिलेगा.
कैब सर्विस: ओला, उबर, रैपिडो और भारत टैक्सी की सुविधाएं भी सिर्फ गेट नंबर 4 और 10 तक ही उपलब्ध रहेंगी.
मेट्रो: इस रूट पर सफर के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को सबसे आसान और बेहतर विकल्प बताया गया है.

ट्रैफिक पुलिस की जरूरी सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए अपने घर से तय समय से कम से कम आधे घंटे पहले निकलें. इसके अलावा जब तक बहुत जरूरी न हो, भारत मंडपम एप्रोच रोड की तरफ जाने से परहेज करें. साथ ही लाइव ट्रैफिक अपडेट और डायवर्जन की सटीक जानकारी के लिए गूगल मैप्स (Google Maps) या मैपल्स (Mappls) ऐप का इस्तेमाल करें. 

इन सबके अतिरिक्त किसी भी तरह की पूछताछ या इमरजेंसी में आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन नंबर 1095, वॉट्सऐप नंबर +91-8750871493 या उनके आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल @dtptraffic पर संपर्क कर सकते हैं.

Tags:
Advertisement