Delhi NCR Traffic Advisory: दिल्ली-एनसीआर में लगातार दूसरे दिन गुरुवार (06 अगस्त, 2026) सुबह दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश हुई. बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर दिनभर जारी रहने का अनुमान है. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों (नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, सोनीपत, नूंह, मेवात, महेंद्रगढ़, नारनौल, शामली, हापुड़, बुलंदशहर) में भी बारिश को देखते हुए कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और कम से कम सुबह 11 बजे तक मध्यम बारिश की चेतावनी दी है. राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश की खबर है, जिनमें विजय चौक, जंतर-मंतर, कर्तव्य पथ, ITO, मथुरा रोड, संगम विहार, CR पार्क और लोधी रोड शामिल हैं.
IMD ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और शाहदरा गुरुवार को बारिश के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. शाम तक इसी तरह मौसम का मिजाज बना रहेगा.
वहीं, इससे पहले गुरुवार को दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा के साथ-साथ हरियाणा के गुरुग्राम में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई. गुरुग्राम में सुबह-सुबह हुई बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे समेत कई अहम रास्तों पर जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई.
गुरुग्राम पुलिस की एडवाइजरी जारी
दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर, मानेसर और बिलासपुर में भारी ट्रैफिक जाम की खबर है. भारती मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नोएडा और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और आंधी-तूफान के साथ मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद येलो अलर्ट के दायरे में हैं, जहां अगले कुछ घंटों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है. लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुग्राम पुलिस ने गुरुवार को एक एडवाइज़री जारी की. गुरुग्राम में कॉर्पोरेट ऑफिस और प्राइवेट कंपनियों से कहा गया है कि वे कर्मचारियों को जहां भी संभव हो, घर से काम करने की इजाज़त दें.
#Advisory | In view of the 97 mm rainfall recorded across Gurugram district during the last 24 hours (05 August 2026, 8:00 AM to 06 August 2026, 8:00 AM) and the Orange Alert issued by the India Meteorological Department (IMD) for 06 August 2026, there is a possibility of… pic.twitter.com/HAXRNOABXi
— DC Gurugram (@DC_Gurugram) August 6, 2026
तापमान में नजर आई गिरावट
गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.3 डिग्री कम है. मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान के लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के डेटा के अनुसार, शहर की हवा की गुणवत्ता “संतोषजनक” श्रेणी में रही और सुबह 9 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 84 दर्ज किया गया. इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली में बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या हुई.
IMD के अनुसार, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में बुधवार सुबह 8.30 बजे से 11.30 बजे के बीच 15.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड पर 26 मिमी बारिश हुई. इसी दौरान रिज स्टेशन पर बहुत कम बारिश दर्ज की गई.