Home > दिल्ली > Delhi NCR AQI Report : निकलो ना घर से ‘बेनकाब’ बाहर स्मॉग है

Delhi NCR AQI Report : निकलो ना घर से ‘बेनकाब’ बाहर स्मॉग है

Delhi NCR AQI Report 3 November 2026 : दिल्ली में 59 में से 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों से पता चला कि आठ स्टेशन 'गंभीर' श्रेणी में हैं.

By: JP Yadav | Published: November 3, 2026 9:56:02 AM IST



Delhi NCR AQI Report 3 November 2026 : दक्षिण पश्चिम मॉनसून 2026 की विदाई के एक पखवाड़े के बाद हवा की रफ्तार भी थम गई है.  इसके चलते दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) बढ़ने लगा है. दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को सुबह से ही धुंध छाई हुई है. ऊपर से AQI 300 से अधिक पहुंच गया है.  समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार सुबह से ही घनी धुंध के बीच AQI ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी में है. बवाना, नरेला और पंजाबी बाग समेत 8 इलाके ‘गंभीर’ (severe) श्रेणी में पहुंच गए हैं. मंगलवार सुबह 7:05 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 331 दर्ज किया गया.

दीवाली से कुछ दिन पहले मंगलवार सुबह दिल्ली में घनी धुंध छा गई और राष्ट्रीय राजधानी की हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ (very poor) श्रेणी में बनी हुई है. हालत यह है कि बाहर तो छोड़िये दफ्तरों और घरों से अंदर भी लोगों को आंखों में जलन, सिरदर्द और सुस्ती महसूस हो रही है. वहीं बुजुर्गों और बच्चों की हालत अधिक खराब है. अस्थमा समेत अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों की समस्या बढ़ गई है. विशेषज्ञों ने बाहर निकलने पर फेस मास्क पहनने की सलाह दी है. 

लगातार बढ़ रहा दिल्ली में AQI

एएनआई के मुताबिक, मंगलवार सुबह 7:05 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 331 था. सोमवार को 24 घंटे का औसत AQI 324 रहा, जो पिछले 271 दिनों में सबसे खराब स्तर है. यह रविवार के 261 के स्तर से 63 अंक अधिक है। शुक्रवार को यह 60 था, जब हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ (satisfactory) थी.

बवाना समेत 8 इलाके  गंभीर श्रेणी में

59 में से 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह आठ स्टेशन ‘गंभीर’ श्रेणी में थे, जिनमें बवाना, नरेला और पंजाबी बाग शामिल हैं, केवल एक स्टेशन मैदानगढ़ी स्थित इग्नू (IGNOU) ‘मध्यम’ (moderate) श्रेणी में था. 

क्या है AQI का मानदंड?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 0–50 का AQI अच्छा, 51–100 संतोषजनक, 101–200 मध्यम, 201–300 खराब, 301–400 बहुत खराब और 401–500 गंभीर श्रेणी में आता है.

CPCB ने PM2.5 को मुख्य प्रदूषक बताया

मंगलवार सुबह, CPCB ने दिल्ली के 58 रिपोर्टिंग स्टेशनों में से 53 पर PM2.5 को और 5 स्टेशनों पर PM10 को मुख्य प्रदूषक के रूप में दर्ज किया. एक दिन पहले इसी समय, ये आंकड़े क्रमशः 51 और 7 थे.  NASA के सैटेलाइट डेटा के अनुसार, 1 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की 1,561 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से 1,406 पंजाब में और 155 हरियाणा में थीं। इनमें से 167 घटनाएं 2 नवंबर को दर्ज की गईं.

Advertisement