9
Delhi Metro Blue Line Update: दिल्ली मेट्रो की सबसे व्यस्त ब्लू लाइन (द्वारका-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली) पर मंगलवार को अचानक तकनीकी खराबी आने से मेट्रो सेवाएं प्रभावित हो गईं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कौशांबी के पास ओवरहेड वायर (OHE) में आई खराबी के कारण कई ट्रेनों का संचालन रुक गया, जिससे आनंद विहार मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मेट्रो सेवा बाधित होने के चलते आनंद विहार स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री फंस गए. स्टेशन पर लगातार लाउडस्पीकर से घोषणा की गई कि यात्री ट्रेन खाली कर दें. इससे ऑफिस जाने वाले लोगों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
तकनीकी खराबी बनी वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के पास ओवरहेड वायर में आई तकनीकी खराबी के कारण ब्लू लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. इसी वजह से कई ट्रेनें बीच रास्ते और स्टेशनों पर रोकनी पड़ीं.दिल्ली मेट्रो की तकनीकी टीम खराबी को दूर करने में जुटी हुई है. अधिकारियों की ओर से सेवा को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक सभी सेवाएं पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थीं.
यात्रियों को सलाह
यदि आप ब्लू लाइन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक अपडेट जरूर देखें. जब तक सेवाएं सामान्य नहीं हो जातीं, यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा समय लेकर चलने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जा रही है.