Delhi Fire News: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली. सूत्रों के मुताबिक, होटल में रुकने वाले ज्यादातर विदेशी नागरिक थे. आग की यह भीषण घटना बुधवार सुबह 8 बजकर 51 मिनट पर लगी. कर्मचारियों ने तुरंत दमकल की गाड़ियां बुलाई. जब तक गाड़ियां आतीं आग ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया था. इस बीच BSES ने रेस्तरां और होटल की बिजली सप्लाई काटी. पुलिस के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य किया. अब तक 47 लोगों को बचाया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और फ्लोरिश स्टे बीएंडबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट) था. इस परिसर को गोयल ब्रदर्स यानी हरीश और वरुण गोयल बेड एंड ब्रेकफास्ट लाइसेंस के तहत चलाते थे. बताया जा रहा है कि लेमन ग्रीन के पास केवल 6 कमरों की परमिशन थी, वहां 25 कमरे ऑपरेट किए जा रहे थे. मेकमाईट्रिप के मुताबिक इसका एक दिन का एक रूम का किराया करीब 3,800 रुपये है।
बताया जा रहा है कि लेमन ग्रास रेस्तरां हौजरानी की तंग गलियों में बना है. दरअसल, इमारत होटल की है, जबकि बेसमेंट में रेस्तरां था. यहां रहने वाले लोगों ने यानी प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी दी कि 5 मंजिला इस होटल में करीब 25 कमरे हैं. इनमें 50 से ज्यादा लोग रुके थे. इनमें ज्यादातर विदेशी थे जो बाहर से इलाज कराने के लिए आए थे. दरअसल, अफ्रीका देशों के लोग दिल्ली में इलाज के लिए आते हैं, क्योंकि यूरोप और अमेरिका की तुलना में यहां पर इलाज करना कम खर्चीला होता है.
होटल के बाद लगी रेस्तरां में आग
सूत्रों का कहना है कि होटल के रेस्तरां में सुबह करीब आठ बजे जैसे ही एक शेफ ने इलेक्ट्रिक चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो भड़क उठी थी. बाद में पता चला कि होटल में आग पहले से लगी थी. जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते होटल की कई मंजिलें आग की चपेट में आ गईं.
उधर, कुछ लोगों ने बॉलकनी और छतों से कूदकर अपनी जान बचाई. पास की एक गद्दे की दुकान के मालिक ने नीचे गद्दे बिछाए, जिसके सहारे कई लोगों ने ऊपरी मंजिलों से कूदकर अपनी जान बचाई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक 20 से 25 लोग घायल हुए हैं, जबकि 21 लोगों की मौत हुई है. फिलहाल दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं.