Home > दिल्ली > Pati-Patni Crime: ‘नौकरी छोड़ो, बच्चे पैदा करो’, दामाद ने बेटी के साथ किया ऐसा कांड, शादी के 72 दिन के बाद ही…

Pati-Patni Crime: ‘नौकरी छोड़ो, बच्चे पैदा करो’, दामाद ने बेटी के साथ किया ऐसा कांड, शादी के 72 दिन के बाद ही…

Delhi Crime News: आज के समय में कई लड़किया दहेज के चलते प्रताड़ित की जा रही है. कभी ट्विशा, दीपिका तो अब 28 साल की आकृति का केस काफी चर्चे में है. आइए जानते हैं कि क्या है पूरा मामला-

By: Sanskriti Jaipuria | Published: July 8, 2026 3:09:48 PM IST



Delhi Akriti Sutar Case: दहेज और घरेलू दबाव के मामले एक बार फिर समाज को झकझोर रहे हैं. ट्विशा, दीपिका और विशाखा के बाद अब 28 साल की आकृति की मौत ने कई सवालों को जन्म दे दिया है. शादी के महज 72 दिन बाद हुई इस घटना को लेकर उसकी मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है.

आकृति की मां अनु सुतार ने अपने दामाद अरस्तु सिक्का पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में अरस्तु को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर उन मामलों की याद दिला दी है, जहां शादी के बाद बेटियों पर मानसिक दबाव, दहेज और पारिवारिक अपेक्षाओं का बोझ डालने के आरोप सामने आते रहे हैं.

शादी के बाद बदल गया रवैया

अनु सुतार के मुताबिक, आकृति ने शादी से पहले ही अपने होने वाले ससुरालवालों को बताया था कि वो नौकरी जारी रखना चाहती है. उसका कहना था कि उसका छोटा भाई है और वो अपने परिवार की आर्थिक मदद करना चाहती है. परिवार ने उस समय उसकी बात मान ली थी. इसी भरोसे के साथ आकृति ने अपनी बचपन की दोस्त अगस्तिका के भाई अरस्तु सिक्का से शादी की थी. लेकिन आरोप है कि शादी के बाद ससुरालवालों का रवैया बदल गया और आकृति पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया जाने लगा.

आकृति छतरपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उससे नौकरी छोड़ने और जल्द बच्चा पैदा करने की उम्मीद की जाने लगी. अनु सुतार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आकृति पर दहेज में 20 लाख रुपये लाने के लिए भी दबाव बनाया गया. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि पति अरस्तु ने कई बार उसके चरित्र पर सवाल उठाए और उसके साथ मारपीट की.

 नौकरी पर लौटने वाले दिन ही हुई मौत

आकृति की शादी 24 अप्रैल 2026 को अरस्तु सिक्का से हुई थी. शादी के बाद 4 जुलाई को वो पहली बार वापस नौकरी पर गई थी. उसी दिन उसने दोस्तों को शादी की पार्टी भी दी थी, लेकिन इसके कुछ समय बाद उसकी मौत की खबर सामने आई. पुलिस के अनुसार, आकृति लोधी कॉलोनी इलाके में स्थित पालिका कुंज के एनडीएमसी फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल मिली थी. उसे तुरंत एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

 मायके जाने और परेशान करने का आरोप

आकृति की मां का आरोप है कि बेटी जब भी मायके आती थी या परिवार से फोन पर बात करती थी, तब भी उसे परेशान किया जाता था. उन्होंने कहा कि पति और ननद उस पर गर्भधारण करने का दबाव बना रहे थे और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. पुलिस ने इस मामले में अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में आकृति के बाएं हाथ और पैर पर चोट के निशान मिले हैं. हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि ये चोटें गिरने की वजह से लगीं या किसी कथित हमले के कारण.

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आकृति की मौत ने एक बार फिर शादी के बाद महिलाओं पर पड़ने वाले दबाव और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है.

 

Advertisement