राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके कहे जाने वाले हौज खास थाना क्षेत्र में एक कपड़ा दुकानदार की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी गई, क्योंकि रास्ते में जा रहे आरोपी को हल्का सा धक्का लग गया था. आरोप है कि दुकानदार रात के समय अपनी दुकान बंद कर हौज खास में ही अपने रूम पर लौट रहा था. पीछे से आकर हमलावर ने बेल्ट से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. गनीमत है कि आरोपी को भीड़ ने मौके से ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
पटरी पर कपड़े बेचकर चलाता था घर
मृतक की पहचान बिहार के नवादा जिले के माई गांव के रहने वाले 49 वर्षीय मनोज सिंह के रूप में हुई है. मनोज सिंह पिछले करीब 25 सालों से सफदरजंग अस्पताल के गेट नंबर-3 के पास पटरी पर कपड़े की दुकान लगाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे. परिवार वालों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार रात की है. रोज की तरह मनोज रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद करके हौज खास स्थित अपने कमरे पर लौट रहे थे. रास्ते में बस स्टैंड के पास नशे में धुत एक शख्स ने जानबूझकर उन्हें धक्का दे दिया और बात-बात पर उनसे उलझ गया.
झगड़ा टालकर आगे बढ़े, तो पीछे से कर दिया हमला
मनोज सिंह समझदार थे, इसलिए वे उस शराबी से विवाद बढ़ाने के बजाय वहां से बचकर निकलने लगे. लेकिन नशे में धुत आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. आरोप है कि तैमूर नगर के रहने वाले लोकेश नाम के उस शख्स ने अचानक अपनी पैंट से बेल्ट निकाली और पीछे से आकर मनोज सिंह के गले में कस दी. बेल्ट से गला घुटने के कारण मनोज तड़पते हुए बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े.
भीड़ ने दबोचा, अस्पताल में मौत
घटनास्थल पर मौजूद आसपास के लोगों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो वे तुरंत दौड़ पड़े. लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए हत्यारे लोकेश को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अचेत हालत में मनोज सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया है और एफआईआर दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है.
बेटे ने बयां किया असुरक्षा का दर्द
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक के बेटे बिट्टू कुमार, जो गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है. मनोज सिंह अपने पीछे चार बेटियों और एक बेटे का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. दुख और गुस्से में डूबे बेटे बिट्टू ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में रोजी-रोटी कमाने आने वाले आम लोगों को सुरक्षा मिलनी चाहिए और इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी और परिवार का सुहाग इस तरह न उजड़े.
ये भी पढ़ें:- जिंदा कॉकरोच निगल गई महिला, पेट में तांडव न मचाए इसलिए गटक लिया ढ़ेर सारा केमिकल स्प्रे; रोंगटे खड़े कर देगी यह घटना!