Home > दिल्ली > दिल्ली के 5 दर्दनाक अग्निकांड: मालवीय नगर ही नहीं, उपहार त्रासदी से मुंडका हादसे तक, इन घटनाओं से दहली राजधानी

दिल्ली के 5 दर्दनाक अग्निकांड: मालवीय नगर ही नहीं, उपहार त्रासदी से मुंडका हादसे तक, इन घटनाओं से दहली राजधानी

Delhi Dangerous Fire Accident: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 21 लोगों के मौत की खबर है. इससे पहले भी दिल्ली में दर्दनाक अग्निकांड हो चुके हैं. जानिए दिल्ली के 5 बड़े आग हादसे.

By: Kamesh Dwivedi | Published: June 3, 2026 1:42:18 PM IST



दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर के एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से अब तक 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. इस घटना से पूरी दिल्ली दहल उठी है. इससे पहले भी राजधानी में कई दर्दनाक अग्निकांड हो चुके हैं. इस लिस्ट में उपहार सिनेमा से लेकर मुंडका कमर्शियल बिल्डिंग तक के अग्निकांड शामिल हैं. 

उपहार सिनेमा अग्निकांड

कब और कहां: 13 जून 1997, ग्रीन पार्क, दक्षिण दिल्ली

क्या हुआ था?
13 जून 1997 को उपहार सिनेमा में फिल्म ‘बॉर्डर’ की स्क्रीनिंग चल रही थी. इसी दौरान सिनेमा हॉल के बेसमेंट में ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई, जो तेजी से पूरे परिसर में फैल गई. आग और धुएं के कारण सिनेमा हॉल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई निकास द्वार बंद थे और बाहर निकलने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. धुएं के कारण लोगों का दम घुटने लगा और वे अंदर ही फंस गए. इस दर्दनाक हादसे में 59 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 23 बच्चे भी शामिल थे. इसके अलावा कई लोग घायल हुए थे.

अनाज मंडी फैक्ट्री अग्निकांड

कब और कहां: 8 दिसंबर 2019- रानी झांसी रोड, अनाज मंडी, दिल्ली

क्या हुआ था?

अनाज मंडी इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. फैक्ट्री में बैग और अन्य सामान बनाने का काम किया जाता था. यह आग जिस इमारत में लगी थी, वहां बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे और कई मजदूर उसी परिसर में सो रहे थे. आग तेजी से फैलने के कारण लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. इस भयानक अग्निकांड में 43 मजदूरों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई थी. वहीं, 56 से अधिक लोग इस हादसे में घायल हो गये थे. 

मुंडका कमर्शियल बिल्डिंग अग्निकांड

कब और कहां:  13 मई, 2022; मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास, पश्चिमी दिल्ली

क्या हुआ था?

चार मंजिला एक कमर्शियल इमारत में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई थी, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जाता है कि इमारत में बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. एक ही एक्जिट होने के कारण लोगों को समय पर नहीं निकाला जा सका. जिस वजह से इस भीषण हादसे में 27 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे.

विवेक विहार इमारत अग्निकांड

कब और कहां: 3 मई 2026- विवेक विहार, पूर्वी दिल्ली

क्या हुआ था?

इसी साल मई महीने में घटी इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया था. सुबह चार मंजिला इमारत में एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट होने से आग लग गई. ये आग उस वक्त लगी, जब सभी सो रहे थे. आग की चपेट में आने और दम घुटने से एक ही परिवार के सदस्यों सहित 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और 2 लोग घायल हो गए. 

अर्पित पैलेस होटल अग्निकांड 

कब और कहां: 12 फरवरी 2019- करोल बाग, केंद्रीय दिल्ली

क्या हुआ था?

करोल बाग के एक बजट होटल में एसी डक्ट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जो तेजी से पूरे होटल में फैल गई. इमरजेंसी गेट बंद होने और धुएं के कारण कई लोग अंदर फंस गए. इस घटना में 17 लोगों की मौत हो गई थी. 

यह खबर भी पढ़ें: Malviya Nagar Restaurant Fire: मालवीय नगर के रेस्तरां में भीषण आग, 20 लोगों की मौत; कई झुलसे

Advertisement