Datia By-Poll Live Update: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर वोटिंग शरू हो गई है. दतिया में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. यह उपचुनाव तब जरूरी हो गया जब कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा तीन साल की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता चली गई. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजेंद्र भारती ने 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था.
इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह के बीच है. ध्यान देने वाली बात यह है कि कांग्रेस के घनश्याम सिंह स्थानीय पूर्व शाही परिवार से आते हैं, तो वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की उम्मीदवारी को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में नाराजगी की खबरें भी सामने आई थीं.
ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या मतदाता रिकॉर्ड संख्या में वोट डालकर अपना पिछला फैसला बदलेंगे या फिर भारी मतदान का फायदा बीजेपी के बजाय कांग्रेस को मिलेगा? इन सभी सवालों के जवाब 3 अगस्त को वोटों की गिनती के बाद ही पता चलेंगे.
दतिया विधानसभा उपचुनाव में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी. जिसको लेकर वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
दतिया उपचुनाव की तैयारियों के बारे में सेक्टर इंचार्ज एस.के. वर्मा ने कहा कि यह राजघाट कॉलोनी के पुराने केंद्रीय विद्यालय में पोलिंग स्टेशन नंबर 121 है. यहां मॉक पोल समय पर शुरू हुआ. प्रशासन ने वोटिंग के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं, सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं और मॉक पोल की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है. मॉक पोल के बाद असली वोटिंग तय समय पर ही शुरू हुई है.
दतिया विधानसभा उपचुनाव में जारी मतदान के बीच बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा कि लोग विकास, अच्छे शासन और दतिया की समग्र प्रगति के लिए वोट कर रहे हैं. इसके अलावा, उन्होंने जीतू पटवारी को लेकर कहा कि जीतू पटवारी राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो गए हैं. जो नेता 35 हजार वोटों से हार गया था, वह अब कांग्रेस का नेतृत्व कर रहा है.
दतिया विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग के बीच कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा कि मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें, वोट दें और कांग्रेस की एतिहासिक जीत सुनिश्चित करें. अहंकारी बीजेपी सरकार का अहंकार तोड़ें.
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदान कर दिया है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आज तीन अहम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. बिहार में बांकीपर, मध्य प्रदेश में दतिया और गुजरात में मांजलपुर में विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है.
दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने अपना वोट डाला. इस दौरान उन्होंने कहा कि मकसद भारतीय जनता पार्टी की जीत और दतिया का विकास है, इसलिए कमल का बटन दबाया. अच्छी वोटिंग की उम्मीद है. कांग्रेस हारने पर हमेशा ऐसे आरोप लगाती है. यह उनकी हताशा और निराशा को दिखाता है.
चुनाव आयोग के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया में सुबह 11 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान हुए हैं.
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में जारी वोटिंग के बीच बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह बयान कांग्रेस पार्टी की हताशा और निराशा को दिखाता है. जब भी वे हारते हैं तो हमेशा कोई न कोई आरोप लगाते हैं. जनता बीजेपी और उसके किए गए विकास कार्यों के पक्ष में वोट देगी. मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगी चोटों की वजह से भावुक हुआ था, न कि हार की वजह से. मैं तो कोई चुनाव भी नहीं हारा; मेरा टिकट ही रद्द कर दिया गया था. जब मैं किसी और बात पर भावुक था तो हार का सवाल ही कहां उठता है?
Datia UpChunav voting 2026 Live Update: चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनााव मेंशाम 6 बजे तक 71.4% वोटिंग हुई, जो कि पिछले बार से 9 प्रतिशत कम है. मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
Datia UpChunav voting 2026 Live Update: चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनााव मेंशाम 5 बजे तक 69.36% वोटिंग हुई. वोटिंग के दौरान, रामसागर बूथ पर कांग्रेस के एक पोलिंग एजेंट को पुलिस स्टेशन ले जाया गया, लेकिन नेताओं के आने के बाद उसे छोड़ दिया गया.
Datia UpChunav voting 2026 Live Update: चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनााव में दोपहर 3 बजे तक 61.99 प्रतिशत मतदान हुए हैं.
चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनााव में दोपहर एक बजे तक 48.91 प्रतिशत मतदान हुए हैं.
दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच बसई इलाके के लखनपुर गांव के लोगों ने मुख्य सड़क बनाने की अपनी मांग को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया और ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए. सूचना मिलने पर SDM अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और बातचीत के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने वोट डाला.