52
BandaCrime News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक महिला ने आरोप लगाया है कि पति के कथित अवैध संबंध का विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया. इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की गई. पुलिस ने महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता शहर कोतवाली क्षेत्र के फूटाकुआं पल्हरी की रहने वाली है. उसने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब 18 साल पहले मोहन राजपूत से हुई थी. महिला का आरोप है कि उसके पति के परिवार की ही एक महिला से लंबे समय से संबंध हैं. जब भी वह इसका विरोध करती है, तो ससुराल पक्ष उसका साथ देने के बजाय उसके साथ मारपीट करता है.
कमरे में बंद कर की पिटाई, भूखा रखने का भी आरोप
महिला का कहना है कि 3 जुलाई की सुबह पति, सास, ससुर और ननद ने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की. उसने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी कई बार उसके साथ ऐसा व्यवहार किया गया और उसे भूखा तक रखा गया.महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले उसके मामा और ममेरे भाई मौके पर पहुंचे. आरोप है कि ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की. इस घटना में मामी गुड्डो और ममेरे भाई राकेश को भी चोटें आईं.
पहले चौकी से नहीं मिली मदद, फिर दर्ज हुई FIR
मारपीट के बाद सभी घायल कालूकुआं पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई. बाद में उन्होंने शहर कोतवाली में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली.शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.