गुजरात के सूरत शहर के भेस्तान इलाके में पिछले दिनों एक ऐसी दहला देने वाली वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. बुधवार दोपहर को 39 साल के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सतीश धागड़े उर्फ सतीश मराठा (सतीश भाऊ) को सरेआम गोलियों और धारदार हथियारों से मौत के घाट उतार दिया गया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश जब अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर जा रहा था, तभी कुछ बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया और फिल्मी अंदाज में हमला बोल दिया. इस क्रूर हमले में सतीश के शरीर पर तलवारों, कुल्हाड़ियों और चाकुओं से 39 गंभीर घाव पाए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
क्या था पूरा मामला और कैसे हुआ हमला?
पुलिस जांच के मुताबिक, भेस्तान सरस्वती आवास मंदिर के पास कुछ नाबालिग और बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और उन्होंने सतीश की कार का ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया. जब सतीश बाहर निकला, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. जब वह जान बचाने के लिए भागा, तो हमलावरों ने उस पर गोलियां भी चला दीं. लाठी-डंडों, तलवारों और कुल्हाड़ियों से किए गए इस हमले में सतीश के चेहरे, सीने और सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसके दोनों हाथों की उंगलियां तक कट गईं.
जेल की साजिश और गैंगवार का खौफनाक कनेक्शन
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड के पीछे पुरानी गैंगवार और अवैध शराब के धंधे पर वर्चस्व की लड़ाई मुख्य वजह थी. पता चला है कि लाजपोर जेल में बंद केतन उर्फ सनी सिरसाथ और राहुल दुबे की मुलाकात राहुल सोमन मंडल से हुई थी, जो गुजरात कंट्रोल ऑफ टेररिज्म एंड वायलेंस (GUJCOCA) के तहत जेल में बंद था. राहुल मंडल इलाके में सतीश के बढ़ते प्रभाव से डरता था, क्योंकि सतीश ने सूर्य मराठा की हत्या के बाद गोडादरा से लेकर पाडोल तक अपना नेटवर्क फैला लिया था. मंडल को डर था कि कहीं सतीश उसका शराब का धंधा न हथिया ले. इसी रंजिश के चलते जेल से ही सतीश को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची गई. इसके लिए भागल इलाके से विशेष तौर पर कुल्हाड़ी, तलवारें और धारदार हथियार खरीदे गए थे.
9 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सूरत क्राइम ब्रांच और तापी एलसीबी (LCB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र बॉर्डर की तरफ भाग रहे चार आरोपियों और चार नाबालिगों को धर दबोचा. पुलिस अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से पांच को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी रिंकू अभी भी फरार है जिसकी तलाश तेजी से की जा रही है.
सतीश मराठा का आपराधिक इतिहास
मृतक सतीश मराठा एक खूंखार अपराधी था जिसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे. वह जमीन पर कब्जा करने, रंगदारी वसूलने और अवैध शराब का सिंडिकेट चलाने में शामिल था. उसका आतंक इंदौर से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात तक फैला हुआ था. हालांकि वह चर्चित सूर्य मराठा मर्डर केस में बरी हो चुका था, लेकिन उसका आपराधिक रिकॉर्ड हमेशा सुर्खियों में रहा. साल 2024 में कोर्ट परिसर के बाहर पुलिस सुरक्षा में उसका एक इंस्टाग्राम रील वायरल हुआ था, जिसके बाद वह काफी चर्चा में आया था. बहरहाल, पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस खूनी खेल में शामिल बाकी चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके.
ये भी पढ़ें:- ‘मम्मी-मम्मी’ चिल्लाती रही पत्नी, बीच रास्ते बरसाता रहा लात-घूंसे; फिर थाने जाकर मास्टरमाइंड पति ने दिया एक और बड़ा झटका!