बिहार के पूर्णिया से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां फोकानिया की परीक्षा देकर घर वापस लौट रही लड़कियों को दो मनचलों ने सरेआम छेड़ा।
नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां फोकानिया की परीक्षा देकर घर वापस लौट रही लड़कियों को दो मनचलों ने सरेआम छेड़ा। बताया जा रहा है कि कुछ लड़कियां एक ऑटो से परीक्षा देकर वापस लौट रही थीं और इसी दौरान दो मनचलों ने बाइक से उनका पीछा किया और छेड़खानी करने लगे। जब ऑटो ड्राइवर ने इसका विरोध किया तो एक युवक ने ऑटो ड्राइवर को गोली मार दी।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बिहार के पूर्णिया में बायसी से डगरुआ क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां फोकानिया की परीक्षा देकर कुछ छात्राएं ऑटो पर सवार होकर बायसी से डगरुआ आ रही थीं। इसी बीच वहां पर 2 युवक जिनकी बाइक पर रंगदार लिखा हुआ था, उन्होंने छात्राओं का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने ऑटो का पीछा किया और फिर ऑटो का चक्कर लगाते हुए छात्राओं से छेड़खानी करने लगे। इसके बाद ऑटो जब बेलगाच्छी चौक के पास पहुंचा, तो दोनों युवकों ने ऑटो ड्राइवर को रुकने के लिए कहा, लेकिन ड्राइवर को ठीक नहीं लगा और उसने किसी अनहोनी की आशंका भांपते हुए ऑटो को रास्ते में नहीं रोका।
इसके बाद दोनों मनचलों में से पीछे बैठे युवक ने ऑटो चालक पर गोली चला दी। इस हादसे में एक गोली ऑटो चालक के पेट मे लग गई। इस घटना से लड़कियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के गांव वालों ने आगे से दोनों बाइक सवार युवक को धक्का देकर गिराया और इतने में एक युवक मौके से फरार हो गया, लेकिन बुलेट चला रहे युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की।
इस घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ऑटो चालक को इलाज के लिए पूर्णिया भेजा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने लेकर आई। पकड़े गए युवक की पहचान सत्यम कुमार यादव, पिता शम्भू यादव साकिन महलबारी, थाना डगरुआ के रूप में की गई है थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार मंडल ने बताया कि गिरफ्तार युवक कोहिला पंचायत के महलबारी गांव का रहने वाला है. बाइक पर रंगदार लिखा था। वहीं फरार युवक का नाम पीयूष कुमार यादव है, जो राजवेली डगरूआ का निवासी है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Also Read…