Home > क्राइम > पापा की किस ‘करतूत’ से काजल की आंखों में उतर आया खून, पहले कूकर के ढक्कन से फिर चाकू से मार डाला

पापा की किस ‘करतूत’ से काजल की आंखों में उतर आया खून, पहले कूकर के ढक्कन से फिर चाकू से मार डाला

Surat Crime: मां मंजू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर काजल को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पूछताछ भी तेज कर दी है.

By: JP Yadav | Published: November 3, 2026 11:53:12 AM IST



Surat Crime: गुजरात के सूरत में एक पिता और उसकी बेटी के बीच मोबाइल फोन पर गेम खेलने की आदत को लेकर हुआ विवाद एक बड़ी ट्रेजेडी में तब्दील हो गया. आरोप है कि नाराज बेटी ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता के सिर पर वार किया और फिर चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी.  काजल (22) को रविवार (01 नवंबर, 2026) रात अपने पिता रमेश चौहान (55) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि फोन पर गेम खेलने की आदत को लेकर हुए विवाद के दौरान पिता ने काजल का फोन तोड़ दिया था. इसके बाद उसने उनकी हत्या कर दी. मृतक की पत्नी मंजू के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब रमेश चौहान ने काजल से गेम खेलना बंद करके घर के कामों में मदद करने के लिए कहा.

पुलिस शिकायत के मुताबिक, यह परिवार सूरत के कोसाड इलाके में रहता है. रविवार को जब रमेश चौहान काम से घर लौटे तो मंजू ने शिकायत की कि काजल फोन पर गेम खेलने में व्यस्त है और घर के कामों में कोई मदद नहीं कर रही है. रमेश चौहान ने काजल से फोन एक तरफ रखकर घर के कामों में हाथ बंटाने के लिए कहा. जब काजल ने बात नहीं मानी, तो रमेश चौहान ने उसका फोन छीनकर ज़मीन पर दे मारा, जिससे वह टूट गया.

हत्या के इरादे से किया था हमला

पुलिस ने बताया कि इससे काजल नाराज हो गई. आरोप है कि उसने किचन से प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पिता रमेश चौहान के सिर पर ज़ोर से वार किया. इसके बाद उसने चाकू से उन पर हमला कर दिया. वहीं, चीख-पुकार सुनकर मां मंजू किचन की ओर दौड़ीं, तो देखा कि पिता रमेश चौहान ज़मीन पर पड़े हैं और उनके सिर व पेट से खून बह रहा है. रमेश चौहान को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मंजू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर काजल को गिरफ्तार कर लिया है.

मां ने की थी दूसरी शादी

वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस इंस्पेक्टर जे बी वानर ने बताया कि हमने रविवार देर रात आरोपी काजल को गिरफ्तार कर लिया. फोन पर गेम खेलने जैसी एक छोटी सी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच झगड़ा हो गया, जो हत्या की वजह बन गया। काजल के पिता की कुछ साल पहले सौराष्ट्र में मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां सूरत आ गईं और उन्होंने रमेश चौहान से शादी कर ली. पुलिस इस मामले में अन्य एंगल से भी जांच कर रही है. वह यह भी जांच कर रही है कि मां मंजू के रमेश से शादी करने के बाद काजल के रिश्ते नए पिता से कैसे थे. हत्या के पीछे कहीं कुछ और वजह तो नहीं है. 

Tags:
Advertisement