Home > क्राइम > जिससे की थी मोहब्बत उसी की ले ली जान, शादी के 14 साल बाद रिश्ते का हुआ दर्दनाक अंत

जिससे की थी मोहब्बत उसी की ले ली जान, शादी के 14 साल बाद रिश्ते का हुआ दर्दनाक अंत

Saharanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जिस दंपती ने परिवार की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह कर नई जिंदगी शुरू की थी, उसी रिश्ते का अंत खौफनाक हत्या में हुआ.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: July 8, 2026 6:23:30 PM IST



Saharanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जिस दंपती ने परिवार की नाराजगी के बावजूद प्रेम विवाह कर नई जिंदगी शुरू की थी, उसी रिश्ते का अंत खौफनाक हत्या में हुआ. आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
 
जानकारी के मुताबिक, छुटमलपुर की हरिजन कॉलोनी निवासी मीनू और सन्नी ने करीब 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों अलग-अलग समाज से थे, इसलिए शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. हालांकि समय बीतने के साथ दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया. शादी के बाद दंपती के चार बच्चे हुए और कई वर्षों तक परिवार सामान्य जिंदगी जीता रहा.

दो साल से बढ़ने लगी थी अनबन

बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले से पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा था. छोटी-छोटी बातों पर कहासुनी होती थी, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़ों में बदल गई. पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार पत्नी के घर पहुंचकर हंगामा कर चुका था और विवाद की स्थिति बनती रहती थी.

वारदात वाले दिन क्या हुआ?

परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह सन्नी अपनी पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा. कुछ देर बाद दोनों के बीच जोरदार बहस शुरू हो गई. घर के बाहर मौजूद लोगों ने आवाजें सुनीं, लेकिन जब तक परिवार के लोग अंदर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था.परिजनों ने घर के अंदर जाकर देखा तो मीनू खून से लथपथ हालत में पड़ी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे.

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस घटना ने चार मासूम बच्चों की जिंदगी बदल दी. मां की मौत के बाद बच्चे सदमे में हैं. मोहल्ले के लोगों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा.घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Advertisement