Jija Saali Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक रौंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, पंडरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मोवा इलाके में, एक युवक ने अपनी पत्नी से झगड़ा होने के बाद गुस्से में आकर अपनी दो सालियों की हत्या कर दी. बता दें कि आरोपी पने ससुराल पिस्टल लेकर पहुंचा था और अपनी दोनों सालियों को गोली मार दी. बता दें कि आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
पिस्तौल लेकर ससुराल पहुंचा आरोपी
जानकारी के मुताबिक जितेंद्र वर्मा एक बाउंसर के तौर पर काम करता है और उसे लंबे समय से अपनी पत्नी खिलेश्वरी पर शक था जिसकी वजह से दोनों के बीच लगातार झगड़ा होता था. वहीं मंगलवार को दोनों के बीच फिर से कहा-सुनी हो गई, जिसके बाद पत्नी अपनी डेढ़ साल की बेटी को लेकर अपने मायके चली गई. पत्नी से संपर्क न हो पाने पर, आरोपी देर रात करीब 10:30 बजे मोवा मार्केट इलाके में स्थित अपने ससुराल पहुंचा.
सालियों की ऐसे की हत्या
आरोपी अपने साथ अपनी लाइसेंसी पिस्तौल भी लाया था और वो अपनी बेटी से मिलने की ज़िद कर रहा था. इसी दौरान, उसकी 26 वर्षीय साली गीतांजलि बाहर आई और उसने आरोपी को समझाने-बुझाने की कोशिश करते हुए वहां से चले जाने को कहा. उसने सुझाव दिया कि इस मामले पर अगले दिन सुबह परिवार के बड़ों की मौजूदगी में बात की जा सकती है. इस सुझाव से भड़ककर आरोपी ने अचानक अपनी पिस्तौल निकाली और गीतांजलि को गोली मार दी. गोली उसके माथे पर लगी, जिससे वह ज़मीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
गोली चलने की आवाज़ सुनकर उसकी दूसरी साली, दुर्गेशवरी (24), छत से नीचे भागी हुई आई. आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी. गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पड़ोसियों ने तुरंत दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेशवरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.