Home > क्राइम > Punjab: पति के extramarital अफेयर और रोज की मारपीट से तंग आ गई थी डॉक्टर पत्नी, फांसी लगाकर दे दी जान

Punjab: पति के extramarital अफेयर और रोज की मारपीट से तंग आ गई थी डॉक्टर पत्नी, फांसी लगाकर दे दी जान

पंजाब के जालंधर में एक महिला डॉक्टर ने अपनी शादीशुदा जिंदगी में समस्या की वजह से आत्महत्या कर ली. महिला डॉक्टर के परिवार ने उसके अलग रह रहे पति पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

By: Shivangi Shukla | Published: June 11, 2026 3:39:11 PM IST



पंजाब के जालंधर में एक महिला डॉक्टर ने अपनी शादीशुदा जिंदगी में समस्या की वजह से आत्महत्या कर ली. महिला डॉक्टर के परिवार ने उसके अलग रह रहे पति पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है. बता दें कि महिला डॉक्टर के पति स्वयं भी डॉक्टर हैं और जालंधर के राष्ट्रीय नेत्र अस्पताल के मालिक हैं.

मृतक डॉ. मीनाक्षी, जो अपने पति डॉ. पीयूष से अलग रह रही थीं, बुधवार को अपने कमरे में फांसी पर लटकी हुई मिलीं. इस दौरान घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे, इस वजह से पुलिस को घर में प्रवेश करने के लिए कांच की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं.

पति के अफेयर से परेशान थीं डॉ. मीनाक्षी 

मीनाक्षी और उसके पति की शादी अक्टूबर 2018 में हुई थी. शादी के बाद, उन्होंने एक थार खरीदी थी और अपनी तनख्वाह से उसकी किश्तें चुका रही थी. डॉ. मीनाक्षी के परिवार के अनुसार, उनके पति का अपने ही अस्पताल की एक नर्स के साथ विवाहेतर संबंध था, जिसका पता उनकी बेटी को सीसीटीवी फुटेज से चला जब उसे शक हुआ. 

मीनाक्षी की मां ने यह भी बताया कि घर आने के बाद पीयूष उसे पीटता भी था. मीनाक्षी की मां ने यह भी दावा किया कि मारपीट के बाद पीयूष अक्सर अपनी पत्नी की मां को फोन करके कहता था, ‘मैंने मीनाक्षी को पीटा, मुझसे गलती हो गई.’ परिवार के अनुसार डॉ. महिला अपने पति द्वारा किए जाने वाले शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर जुलाई 2025 से अकेले रह रही थी. वह कथित तौर पर तलाक भी लेना चाहती थी, लेकिन उसके पिता ने उसे अदालत जाने से पहले कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा था.

घरवालों को शक है कि हत्या हुई है  

खबरों के मुताबिक, महिला डॉक्टर इस महीने अपना घर खरीदने की योजना बना रही थीं. परिवार ने बताया कि जब वह कुछ दिन पहले इसी सिलसिले में बैंक गईं, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर पहले से ही 25 लाख रुपये का लोन चल रहा है- जिसमें से कुछ रकम कार के लिए और बाकी उनके अस्पताल के लिए है. इन दस्तावेजों पर महिला डॉ. के हस्ताक्षर भी नहीं हैं. महिला डॉ. की मां ने कहा, “हमें नहीं पता कि यह आत्महत्या थी या हत्या. पोस्टमार्टम से ही कारण का पता चलेगा.”

बता दें कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि महिला के परिवार के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने आगे बताया कि पीयूष का फोन फिलहाल बंद है और उससे अभी तक पूछताछ नहीं की गई है.

Advertisement