Pune Crime News: महाराष्ट्र के पुणे से हैवानियत की हद पार करना का मामला सामने आया है. जिले के उरुली कांचन इलाके में एक युवक ने पत्नी के चरित्र पर शक और बेटा न होने की वजह से बेरहमी से पीटा और उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया. इसके बाद भी आरोपी पत्नी को अस्पताल नहीं ले गया और 15 दिनों तक घर में ही बंधक बनाकर रखा.
पीड़ित महिला की शिकायत के बाद उरुली कांचन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक बीते 20 अप्रैल को आरोपी पति शराब के नशे में धुत्त होकर घर आया. उसने पत्नी से गुस्से में पूछा- ‘तुम काम पर जाती हो, बताओ तुम्हारा बाहर किसके साथ अवैध संबंध है?’ फिर उसने गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी.
लात-घूंसों से दोबारा पीटा
आरोपी यहीं नहीं रुका, इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए तेजाब की बोतल उठाई और महिला के गुप्तांग पर डाल दी. इसकी वजह से महिला चीखने-चिल्लाने लगी और जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने की कोशिश की. लेकिन आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और उसे लात-घूंसों से फिर पीटा.
महिला की चीखें सुनकर पड़ोस में रहने वाली उसकी जेठानी वहां पहुंची और फोन करके सास-ससुर को बुलाया. इस बीच आरोपी ने पीड़ित महिला को धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को कुछ भी बताया तो वह उसे जान से मार देगा और वह वहां से फरार हो गया.
मौका मिलने पर घर से भागी महिला
पीड़ित महिला दर्द को सहते हुए 15 दिनों तक घर में कैद रही. आखिरकार शनिवार 9 मई को जब पति काम पर गया, तो महिला को मौका मिल गया. वह अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर सीधे अपने मायके पहुंच गई. वहां उसने परिजनों को अपने साथ हुई इस आपबीती को रोते हुए बताया. पूरी घटना सुनकर परिजन उसे पुलिस स्टेशन ले गए.
पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में इलाज पूरा होने के बाद पीड़िता ने शुक्रवार 15 मई को पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.