Odisha Crime: ओडिशा के रायगढ़ा जिले के एक स्कूल हॉस्टल में रैगिंग का विरोध करने वाले जूनियर छात्रों पर कथित तौर पर सीनियर छात्रों ने बेरहमी से हमला कर दिया. आरोप है कि कक्षा 9 के 20 से अधिक छात्रों को कमरे में बुलाकर क्रिकेट बैट और डंडों से पीटा गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला जिले के एसएसडी हाई स्कूल के हॉस्टल का है. जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात कक्षा 10 के एक छात्र और उसके साथियों ने कक्षा 9 के छात्रों को एक कमरे में बुलाया. वहां उन पर क्रिकेट बैट और लकड़ी के डंडों से हमला किया गया, जिससे कई छात्र घायल हो गए.
हेडमास्टर से की थी शिकायत
बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रों ने कुछ दिन पहले हॉस्टल में हो रही रैगिंग और उत्पीड़न की शिकायत स्कूल के हेडमास्टर से की थी. आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर सीनियर छात्रों ने बदले की भावना से हमला किया. घटना में घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि स्कूल प्रशासन ने उनके परिजनों को भी इसकी जानकारी दी. मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और कथित लापरवाही के आरोप में स्कूल के हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर प्रताप चंद्र सौंता का बयान का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली. उनके अनुसार, देर रात हुई इस घटना की सूचना तत्काल स्कूल प्रशासन तक नहीं पहुंच सकी. जानकारी मिलते ही घायल छात्रों के अभिभावकों को सूचित किया गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
घायल छात्र शुभम नायक ने लगाया आरोप
घायल छात्र शुभम नायक ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से जूनियर छात्रों के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी. उसने दावा किया कि सीनियर छात्र अक्सर डंडों से हमला करते थे और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं. साथ ही स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.