Home > क्राइम > Maharashtra Crime: सांप के जहर से ज्यादा ‘जहरीला’ निकला प्रेमी! झाड़ियों में प्रेमिका के साथ क्या हुआ, जो छोड़कर भागा युवक, हुई मौत

Maharashtra Crime: सांप के जहर से ज्यादा ‘जहरीला’ निकला प्रेमी! झाड़ियों में प्रेमिका के साथ क्या हुआ, जो छोड़कर भागा युवक, हुई मौत

Gondia Crime: युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आकस्मिक मौत (मर्ग) का मामला दर्ज किया था. जांच के दौरान जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि युवती की मौत केवल सर्पदंश से नहीं, बल्कि प्रेमी द्वारा अस्पताल न ले जाकर की गई घोर आपराधिक लापरवाही की वजह से हुई है.

By: Hasnain Alam | Published: September 2, 2026 8:46:36 PM IST



Maharashtra Crime News: बदनामी के खौफ ने एक प्रेमी को इस कदर अंधा और संवेदनहीन बना दिया कि उसने जिंदगी और मौत से जूझ रही अपनी ही प्रेमिका को अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे तड़पकर मरने के लिए छोड़ दिया. महाराष्ट्र के गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र में घटित इस दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट ने आरोपी को एक दिन की पुलिस हिरासत (PCR) में भेज दिया है.

गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने जानकारी देते बताया घटना 5 जुलाई  की रात 8.30 से 11.50 की है. गोंदिया जिले के आमगांव तहसील के धामणगांव निवासी 21 वर्षीय युवती अपने प्रेमी जागेश्वर उर्फ सोनू हेमराज पटले (29 वर्ष ) के साथ बाइक से जा रही थी. रास्ते में युवती झाड़ियों की ओर लघुशंका (पेशाब) के लिए रुकी, जहां उसके पैर में जहरीले सांप ने डंस लिया.

सांप के काटने के बाद युवती की जान बचाने के लिए उसे तत्काल किसी नजदीकी अस्पताल ले जाना जरूरी था, लेकिन आरोपी प्रेमी ने ऐसा नहीं किया. वह युवती को अस्पताल ले जाने के बजाय उसे जल्दी से घर छोड़ने के इरादे से बाइक दौड़ाने लगा.

समय पर उपचार न मिलने से प्रेमिका ने दम तोड़ा

इसी बीच साहूकारटोली से ग्राम टांडा मार्ग पर स्थित अदासी बस स्टॉप के पास पहुंचते-पहुंचते जहर के असर से युवती की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. उसे तेज चक्कर आने लगे, वह बाइक पर बैठने की स्थिति में नहीं रही और आवाज भी बंद होने लगी.

प्रेमिका की ऐसी नाजुक हालत देखकर आरोपी घबरा गया. उसे लगा कि अगर वह युवती को अस्पताल ले गया तो समाज में उसकी बदनामी हो जाएगी और पोल खुल जाएगी.

इसी बदनामी के डर से उसने तड़पती हुई प्रेमिका को बेसहारा हालत में बस स्टॉप पर छोड़ दिया. हद तो तब हो गई जब उसने मदद करने के बजाय युवती का फोन अपने पास रख लिया और परिजनों को सूचना देने का नाटक करते हुए घटनास्थल से भाग निकला. समय पर उचित उपचार न मिलने से युवती ने दम तोड़  दिया

मर्ग से शुरू हुई जांच FIR तक पहुंची

​घटना के बाद पहले युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आकस्मिक मौत (मर्ग) का मामला दर्ज किया था. मर्ग जांच (क्र. 23/2026 धारा 194 BNS) के दौरान जब पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं, तो यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि युवती की मौत केवल सर्पदंश से नहीं, बल्कि प्रेमी द्वारा अस्पताल न ले जाकर की गई घोर आपराधिक लापरवाही की वजह से हुई है.

​बहरहाल गोंदिया ग्रामीण थाने में आरोपी जागेश्वर उर्फ सोनू पटले के खिलाफ अपराध क्र. 507/2026, धारा 106(1) और 316(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गैर-इरादतन हत्या/आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज कर  आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 1 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर भेज दिया है. प्रकरण की जांच थाना प्रभारी वैभव पवार के मार्गदर्शन में  सपोनि. वीरेंद्र भोसले कर रहे हैं.

(शाहिद अंसारी की रिपोर्ट)

Advertisement