दिल्ली के मौजपुर इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट प्ले स्कूल में 3 साल के मासूम बच्चे के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गईं. बच्चे के माता-पिता ने जब उसकी डरी हुई हालत और शरीर पर चोट के निशान देखे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. रातभर रोना, टॉयलेट जाने से डरना और कान में तेज दर्द की शिकायत के बाद जब परिवार डॉक्टर के पास पहुंचा, तो पता चला कि बच्चे के दोनों कानों के पर्दे सूजे हुए थे और उसके साथ गंभीर मारपीट हुई थी. जब माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगी, तो पहले तो स्कूल ने तकनीकी खराबी का बहाना बनाया और फिर फुटेज दिखाने के नाम पर 1500 रुपये ऐंठे. इसके बाद जो सच सामने आया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. वीडियो में साफ दिखा कि मासूम को घंटों कुर्सी से बांधकर रखा गया, उसे थप्पड़ मारे गए, कानों से खींचा गया और पैरों से धक्का देकर कॉर्नर में ले जाया गया. स्कूल स्टाफ की इस हैवानियत के बाद इलाके में भारी गुस्सा है और प्रशासन ने भी इस पर सख्त कदम उठाए हैं.
स्कूल की लापरवाही और घटिया बहाने
बच्चा पिछले डेढ़ साल से इस प्ले स्कूल में पढ़ रहा था और वह स्पीच थेरेपी ले रहा था, जिससे उसे बात करने में थोड़ी परेशानी होती थी. जब माता-पिता ने स्कूल से शिकायत की, तो स्टाफ ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया. उन्होंने यह कहकर बात टालनी चाही कि बच्चा क्लास में दूसरे बच्चों को मारता है और कुर्सियां फेंकता है. एक स्कूल अधिकारी ने तो यहां तक कह दिया कि ‘यहां बच्चे रोज ऐसे ही पीटते हैं, जो करना है कर लो.’ इतना ही नहीं, फुटेज छिपाने के लिए स्कूल ने पहले कैमरे खराब होने का झूठ बोला और पैसे वसूलने के बाद ही रिकॉर्डिंग दी.
पुलिस एक्शन और कानूनी कार्रवाई
पिता की शिकायत पर जाफराबाद पुलिस थाने में तुरंत एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं जैसे स्वेच्छा से चोट पहुंचाना और गलत तरीके से बंधक बनाना, साथ ही जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया है और अब तक एक 35 वर्षीय केयरटेकर को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसके अलावा स्कूल की डायरेक्टर सुनीता बंसल, प्रिंसिपल नीलम और दो शिक्षकों (सिमरन और पूजा) को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है.
A three-and-a-half-year-old boy was allegedly physically and sexually assaulted and mentally harassed at a private playschool in northeast Delhi’s Maujpur, with CCTV footage purportedly showing him being tied to a chair, kicked and held by his ears.
Police have registered a case… pic.twitter.com/TaLzjs8XNk
— Hate Detector 🔍 (@HateDetectors) August 31, 2026
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मामले के तूल पकड़ने और मीडिया में खबरें आने के बाद शिक्षा निदेशालय (DoE) ने तुरंत एक जांच कमेटी गठित कर दी है, जिसे दो दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है. दिल्ली सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौजपुर स्थित इस प्ले स्कूल के परिसर को सील करने का आदेश दे दिया है. स्कूल प्रशासन ने अपनी सफाई में कहा है कि आरोपी केयरटेकर और टीचर को हमेशा के लिए नौकरी से निकाल दिया गया है और वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर डे केयर और प्ले स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें:- नेपाल की तबाही में चमत्कार! 700 मौतें और हजारों लापता, ढ़ह गए सारे ढ़ांचे… फिर ‘बाढ़ के सैलाब’ को चीरकर कैसे बच गया ‘हरा घर’?