Home > ओडिशा > मृतक की आखिरी इच्छा रहीं अधूरी; बार-बार बेटी से मिलने की लगाता रहा गुहार!

मृतक की आखिरी इच्छा रहीं अधूरी; बार-बार बेटी से मिलने की लगाता रहा गुहार!

ओडिशा के बलांगीर जिले में एक युवक की मौत के बाद पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है. मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि इलाज के दौरान उनके बेटे की अपनी मासूम बेटी से आखिरी बार मिलने की इच्छा भी पूरी नहीं होने दी गई.

By: Thakur Dinesh Kumar | Last Updated: July 16, 2026 1:34:54 PM IST



Odisha News: ओडिशा के बलांगीर जिले में एक युवक की मौत के बाद पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है. मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि इलाज के दौरान उनके बेटे की अपनी मासूम बेटी से आखिरी बार मिलने की इच्छा भी पूरी नहीं होने दी गई.  मामले में बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि पुलिस ने मौत और लगाए गए आरोपों दोनों की जांच शुरू कर दी है. ओडिशा के बलांगीर जिले में पत्नी से विवाद के बाद इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद मृतक के पिता ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता का आरोप है कि घरेलू विवाद के कारण बहू मायके चली गई थी और अपने साथ अपनी बेटी (युवक की बच्ची) को भी ले गई थी. युवक अस्पताल में भर्ती था और अपनी जिंदगी के आखिरी पलों में अपनी बेटी से मिलना चाहता था, लेकिन बहू ने उसे मिलने नहीं दिया.

पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टी 

यह मामला लक्ष्मीजोर थाना क्षेत्र के चिमिनी भाटीपाड़ा गांव का है. जानकारी के अनुसार, स्वप्नेश्वर मिश्रा को 9 जुलाई को अचानक पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टी होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

पिता ने लक्ष्मीजोर थाने में लिखित शिकायत दी

युवक की मौत के बाद उसके पिता प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ने लक्ष्मीजोर थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी बहू अनामिका सतपथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में उन्होंने दावा किया है कि 21 जून को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान अनामिका ने कथित रूप से स्वप्नेश्वर पर हमला किया था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और टांके लगाने पड़े थे. बाद में दोनों पक्षों के बीच पुलिस थाने में समझौता हो गया था.

 बेटी से मिलने की इच्छा जताई थी

शिकायत में पिता ने यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के बाद अनामिका अपने मायके वालों के साथ दंपति की बेटी को लेकर चली गई थीं. परिजनों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान स्वप्नेश्वर बार-बार अपनी बेटी से मिलने की इच्छा जताते रहे, लेकिन उन्हें अंतिम समय तक बेटी से नहीं मिलवाया गया. इस कारण परिवार ने गहरा दुख और नाराजगी जताई है.

लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी

दूसरी ओर, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्वप्नेश्वर लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से भी पीड़ित थे. बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भीमा भोई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है. साथ ही चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी) का मामला भी दर्ज किया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे. वहीं, मृतक के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement