Bihar Dowry Death Case: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में बतौर ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) तैनात है. महिला के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित कारणों, जिसमें कथित विवाहेतर संबंध का एंगल भी शामिल है, की जांच कर रही है.
ये घटना मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र की है. 3 जुलाई को अमृता नाम की महिला अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. शुरुआती जांच में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की.
परिजनों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
घटना के बाद अमृता के परिवार ने मिठनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अमृता को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. शिकायत में दावा किया गया कि पति मनोज कुमार और उसके परिवार के लोग 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. परिवार का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण ही अमृता की जान गई.
पुलिस के सामने पति का दावा
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मनोज कुमार फरार हो गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद था. काफी तलाश के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने मंगलवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी. हालांकि पुलिस उसके इस बयान की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है.
दहेज केस के साथ दूसरे एंगल की भी पड़ताल
मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित दिशाओं में की जा रही है. पुलिस दहेज हत्या के आरोपों के साथ-साथ कथित विवाहेतर संबंध की संभावना की भी जांच कर रही है. जांच एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि महिला की मौत के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी.
फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के अनुसार, फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों की तस्वीर साफ हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है.