Home > क्राइम > UP: मृतका का था 16 साल छोटे युवक से संबंध, प्रेमी ने कर डालें 18 टुकड़े… तमिलनाडु एक्सप्रेस में मिली लाश का खुला खौफनाक राज़

UP: मृतका का था 16 साल छोटे युवक से संबंध, प्रेमी ने कर डालें 18 टुकड़े… तमिलनाडु एक्सप्रेस में मिली लाश का खुला खौफनाक राज़

Agra Murder Case: तमिलनाडु एक्सप्रेस के एक ट्रॉली बैग से मिले मानव शरीर के टुकड़ों ने कुछ दिन पहले आगरा में सनसनी फैला दी थी. बदबू आने पर यात्रियों ने बैग की सूचना GRP को दी, लेकिन जब बैग खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर पुलिस भी हैरान रह गई.

By: Shristi S | Published: September 1, 2026 8:52:06 PM IST



Tamil Nadu Express Murder Case: तमिलनाडु एक्सप्रेस के एक ट्रॉली बैग से मिले मानव शरीर के टुकड़ों ने कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के आगरा में सनसनी फैला दी थी. बदबू आने पर यात्रियों ने बैग की सूचना GRP को दी, लेकिन जब बैग खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. जांच आगे बढ़ी तो मामला चेन्नई तक पहुंचा और करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने कथित हत्यारों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई.

ट्रॉली बैग में मिले थे मानव अंग

मामला 5 अगस्त 2026 का है. चैन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन पहुंची थी. जनरल कोच में रखे लाल रंग के ट्रॉली बैग से तेज बदबू आने पर यात्रियों ने GRP को सूचना दी. बैग खोलने पर पॉलिथीन में लिपटे मानव अंग बरामद हुए. पुलिस जांच में मृतका की पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर की रहने वाली 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई. जांच में सामने आया कि शरीर को कथित तौर पर 18 टुकड़ों में काटा गया था.

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह?

पुलिस के मुताबिक, निशा अपने पति से अलग रह रही थी और उसका 22 वर्षीय माणिकउद्दीन लस्कर से संबंध था. बताया गया कि माणिक पहले से भगवती माझी के साथ रह रहा था. निशा के साथ उसके संबंधों की जानकारी सामने आने के बाद विवाद बढ़ने लगा. पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के बाद माणिक और भगवती ने निशा की हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और कुछ हिस्सों को कथित तौर पर पकाया गया, जबकि बाकी अंगों को ट्रॉली बैग में भरकर ट्रेन में छोड़ दिया गया.

350 सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज़

आगरा GRP ने मामले की जांच में चेन्नई पुलिस के साथ मिलकर काम किया. चेन्नई सेंट्रल स्टेशन के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में एक युवक और युवती लाल ट्रॉली बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर जाते दिखाई दिए. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस कथित तौर पर गुडुवांचेरी स्थित उस मकान तक पहुंची, जहां निशा रहती थी. तलाशी के दौरान वहां से मानव शरीर के अवशेष मिलने की बात सामने आई.

मणिपुर से पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद माणिकउद्दीन और भगवती चेन्नई से भागकर मणिपुर चले गए थे. दोनों को वहां से गिरफ्तार किया गया और बाद में चेन्नई पुलिस उन्हें कस्टडी में लेकर गई. अब जांच एजेंसियां हत्या की वजह के साथ-साथ पैसों के लेन-देन और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं. निशा का 17 साल का बेटा पहले ही अपनी मां के लापता होने की शिकायत दर्ज करा चुका था.

Advertisement