366
UP Crime News: रामपुर में एक महिला ने शादी के 16 साल बाद अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया. साथ ही उसने अपने देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2010 में उसका निकाह हुआ था. उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दो लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग कर रहा था. मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में घर से निकाल दिया गया.
देवर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप
महिला का दावा है कि वर्ष 2022 में किराये के मकान में अकेले रहने के दौरान उसके देवर ने दुष्कर्म किया. मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है.इसी दौरान गंज, सिविल लाइंस और शहर कोतवाली क्षेत्रों में भी दहेज उत्पीड़न के अलग-अलग मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. कई महिलाओं ने दहेज मांगने, मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप लगाए हैं.
पति पर तलाक देकर छोड़ने का आरोप
एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने तलाक दे दिया. वहीं दूसरी पीड़िता ने कहा कि ससुराल पक्ष पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसे धमकियां दी जा रही थीं.एक अन्य शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसका जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करता था. विरोध करने पर ससुराल पक्ष ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और उसके जेवर भी अपने पास रख लिए.
पुलिस कर रही है जांच
सभी मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.