Home > क्रिकेट > कौन हैं मनीष ओझा? जिनसे वैभव सूर्यवंशी ने ली क्रिकेट ट्रेनिंग, पटना में चलाते हैं एकेडमी, कितनी है फीस?

कौन हैं मनीष ओझा? जिनसे वैभव सूर्यवंशी ने ली क्रिकेट ट्रेनिंग, पटना में चलाते हैं एकेडमी, कितनी है फीस?

वैभव सूर्यवंशी की सफलता के पीछे उनके कोच मनीष ओझा का बड़ा योगदान है. पटना की जेन नेक्स क्रिकेट अकादमी में मिली ट्रेनिंग ने वैभव को एक बेहतर खिलाड़ी बनाया. जानिए मनीष ओझा और उनकी क्रिकेट कोचिंग के बारे में.

By: Satyam Sengar | Published: June 3, 2026 12:44:08 PM IST



आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उसके बाद हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है. लेकिन वैभव की इस सफलता के पीछे एक ऐसा नाम भी है, जिसकी मेहनत कम लोगों को दिखाई देती है. यह नाम है मनीष ओझा का, जिन्होंने कम उम्र से ही वैभव के खेल को निखारने का काम किया. मनीष ओझा बिहार के पूर्व रणजी खिलाड़ी हैं और पटना में जेन नेक्स क्रिकेट अकादमी चलाते हैं. यही वह जगह है जहां वैभव सूर्यवंशी ने अपने क्रिकेट के शुरुआती दिन बिताए. जब दूसरे बच्चे सामान्य तरीके से खेल रहे थे, तब वैभव घंटों नेट्स में पसीना बहा रहे थे.

समस्तीपुर में रहने वाले वैभव को अभ्यास के लिए लंबी दूरी तय करके पटना आना पड़ता था. इसके बावजूद उन्होंने कभी मेहनत से पीछे हटने का नाम नहीं लिया. मनीष ओझा ने शुरुआत में ही समझ लिया था कि इस लड़के में कुछ खास बात है. वैभव की बल्लेबाजी में दम था और बड़े शॉट खेलने का आत्मविश्वास भी. मनीष ओझा कई इंटरव्यू में बता चुके हैं कि वैभव नेट्स में बाकी खिलाड़ियों से अलग नजर आते थे. वह छोटी उम्र में भी गेंद को काफी ताकत से मारते थे. यही वजह थी कि कोच ने उनकी प्रतिभा को और बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया.

मनीष ओझा ने क्या कहा था?

सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, वैभव को मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर भी काम किया गया. उन्हें सिखाया गया कि बड़े मैचों के दबाव में कैसे खेलना है और मुश्किल हालात में खुद को कैसे संभालना है. वैभव के स्टार बनने के बाद जेन नेक्स क्रिकेट अकादमी भी सुर्खियों में आ गई है. अब कई युवा खिलाड़ी यहां ट्रेनिंग लेने का सपना देख रहे हैं. मनीष ओझा का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ क्रिकेट सिखाना नहीं, बल्कि ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है जो बड़े स्तर पर जाकर नाम कमा सकें.

कितनी है अकादमी की फीस?

कई क्रिकेट फैंस के मन में यह भी सवाल उठता है कि वैभव सूर्यवंशी ने जिस एकेडमी से ट्रेनिंग ली है. उसकी फीस कितनी है, तो मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा गया है कि इस एकेडमी में इनरोलमेंट फीस के रूप में 10000 रुपए लिए जाते हैं. जिसमें आपको किट भी दी जाती है. इसके अलावा महीने की पीस 2500 रुपए होती है. हालांकि, फीस में उतार चढ़ाव भी हो सकते हैं.

Advertisement