भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बड़ी चिंता सामने आई है. स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं और समय पर फिट होने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं. द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी चोट ने चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि टीम के श्रीलंका दौरे में अब एक महीने से भी कम समय बचा है. अजीत अगरकर की अगुआई वाली मेंस सीनियर चयन समिति जल्द ही श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर सकती है.
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड दौरे के दौरान शुरुआती चर्चा हो चुकी है और अब औपचारिक चयन बैठक जल्द होने की संभावना है. लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले सुंदर चोटिल हो गए थे और अब उन्हें फिटनेस मंजूरी के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करना पड़ सकता है. बीसीसीआई ने बताया है कि वॉशिंगटन सुंदर को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है. हालांकि लंदन पहुंचने के बाद उनका दर्द कुछ कम हुआ, लेकिन मेडिकल टीम ने एहतियात के तौर पर उनका एक्स-रे कराया. इसकी रिपोर्ट विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी भेजी गई है. अगर यह सिर्फ मामूली खिंचाव या ग्रेड-1 स्ट्रेन भी हुआ, तब भी पूरी तरह मैच फिट होने में उन्हें कम से कम दो सप्ताह का समय लग सकता है.
4 अगस्त को श्रीलंका रवाना हो सकती है टीम
भारतीय टीम के 4 अगस्त के आसपास श्रीलंका रवाना होने की संभावना है. वहां पहुंचने के बाद टीम पहले चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी और फिर गॉल में पहला टेस्ट खेलेगी. इस दौरे पर जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी लगभग तय मानी जा रही है.
सुंदर नहीं हुए फिट तो किसे मिलेगा मौका?
अगर वॉशिंगटन सुंदर समय पर फिट नहीं हो पाते हैं, तो चयनकर्ता हर्ष दुबे पर भरोसा जता सकते हैं. इसके अलावा ऑफ स्पिनर सारांश जैन भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. ऐसे में चयन समिति को सुंदर की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार रहेगा, क्योंकि उनके उपलब्ध रहने या नहीं रहने से टीम संयोजन पर सीधा असर पड़ेगा.