India vs England 4th T20: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार दो हार के बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे हैं. श्रेयस अय्यर की कप्तानी और गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद से लगातार संघर्ष कर रही है. पहले आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवाने वाली भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ भी पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से पीछे है. अभिषेक नायर का कहना है कि तिलक वर्मा को बाहर किया जा सकता है.
सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन को लेकर हो रही है. टी20 विश्व कप 2026 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे संजू सैमसन को इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था. विश्व कप के बाद उनके बल्ले से सिर्फ 5, 0 और 1 रन निकले थे. उनकी जगह 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया. लेकिन तीसरे टी20 में भारत की टीम 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 74 रन पर सिमट गई. इसके बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और फैंस ने तिलक वर्मा की जगह संजू सैमसन को खिलाने की मांग शुरू कर दी.
अभिषेक नायर ने क्या कहा?
पूर्व भारतीय सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि संजू सैमसन को सिर्फ टीम में शामिल करने के लिए उन्हें किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर नहीं उतारना चाहिए. उन्होंने कहा कि संजू को सबसे ज्यादा सफलता ओपनर या टॉप-3 में बल्लेबाजी करते हुए मिली है. अगर टीम उन्हें चौथे, पांचवें या छठे नंबर पर खिलाने की सोच रही है, तो यह उनके लिए सही फैसला नहीं होगा. तिलक वर्मा को बाहर कर कंबिनेशन बनाया जा सकता है.