पाकिस्तान क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में फ्रैक्चर होने के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं. उन्हें यह चोट त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी के दौरान लगी थी. उस मुकाबले में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स की तेज गेंद उनके हाथ पर लगी थी. पाकिस्तान को पहले टेस्ट में 90 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि स्कैन और मेडिकल जांच के बाद शान मसूद के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. फिलहाल टीम के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. वह टीम के साथ बने रहेंगे, लेकिन 19 अगस्त से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता उनकी रिकवरी और मेडिकल रिपोर्ट पर निर्भर करेगी.
पाकिस्तान के सामने बढ़ी बल्लेबाजी की चुनौती
शान मसूद के बाहर होने से पाकिस्तान की बल्लेबाजी और कमजोर हो सकती है. पहले टेस्ट में टीम का बल्लेबाजी प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. अब टीम मैनेजमेंट को उनके स्थान पर नए बल्लेबाज का चयन करना होगा. अनुभवी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक और सऊद शकील इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. इसके अलावा दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज अवैस जफर भी विकल्प के रूप में मौजूद हैं और उन्हें टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिल सकता है.