India A squad for tri-series: भारत ए टीम को श्रीलंका में होने वाली आगामी ट्राई सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार, 31 मई को घोषणा की कि युवा ऑलराउंडर रियान पराग हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया है. इसके साथ ही गायकवाड़ को टीम का नया उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है.
रियान पराग को पहले भारत ए टीम का उपकप्तान बनाया गया था. हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या का सामना करना पड़ा. वह राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे थे और चोट के बावजूद कुछ मैचों में खेले. लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उन्हें कुछ मुकाबले भी छोड़ने पड़े. अब वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजरेंगे.
ट्राइ सीरीज सीरीज 9 जून से होगी शुरू
भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच होने वाली यह ट्राइ सीरीज सीरीज 9 जून से शुरू होगी. टूर्नामेंट में तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेंगी. अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 21 जून को होने वाले फाइनल में जगह बनाएंगी. सीरीज के सभी मुकाबले श्रीलंका के रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे. यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने का एक शानदार अवसर माना जा रहा है.