भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट हाल के खराब प्रदर्शन के कारण सूर्यकुमार यादव की टी20 इंटरनेशनल कप्तानी पर पुनर्विचार कर रही हैं. इसी कारण श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है. उनके साथ संजू सैमसन और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में हैं. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि श्रेयस अय्यर ने हाल के समय में अपने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन किया है.
उन्होंने कप्तानी के लिए एक मजबूत दावेदारी पेश की है. वे मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह आत्मविश्वासी और संतुलित खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं. भारत की टीम जून के अंत में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए दौरा करेगी, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. इन दोनों दौरों के लिए टीमों की घोषणा अगले महीने होने की संभावना है.
रिकी पोंटिंग ने अय्यर को लेकर क्या कहा?
रिकी पोंटिंग ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि श्रेयस अय्यर टी20 कप्तानी के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अय्यर ने एक खिलाड़ी के रूप में काफी सुधार किया है और अब वे अधिक परिपक्व नजर आते हैं. श्रेयस अय्यर ने दिसंबर 2023 के बाद भारतीय टी20 टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया है. वर्तमान में वे आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं, जबकि रिकी पोंटिंग टीम के मुख्य कोच हैं. पिछले सीजन में दोनों के नेतृत्व में टीम 2014 के बाद पहली बार आईपीएल फाइनल तक पहुंची थी.
केकेआर को खिताब दिला चुके हैं अय्यर
इससे पहले आईपीएल 2024 में अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया था. पोंटिंग के अनुसार अय्यर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म और परिपक्वता के दौर में हैं. आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने शुरुआत में लगातार सात मैच जीते, लेकिन बाद में टीम को छह लगातार हार का सामना करना पड़ा, जिससे प्लेऑफ की संभावना कमजोर हो गई है. अय्यर ने इस सीजन में 12 पारियों में 397 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 162.70 रहा है और हाल के मैचों में फॉर्म में गिरावट भी देखी गई है.