21
आईपीएल 2026 में एमएस धोनी की लगातार गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है. चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी अब तक इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं, क्योंकि वह घुटने की चोट से उबर रहे हैं. शुरुआती सेशन से बाहर रहने के बाद उनकी वापसी और टल गई, जब ट्रेनिंग के दौरान उनकी चोट फिर से उभर आई. हर सीएसके मैच के साथ धोनी की वापसी को लेकर अटकलें तेज होती जा रही हैं और फैंस लगातार यह जानना चाहते हैं कि क्या पूर्व कप्तान इस सीजन मैदान पर उतरेंगे.
हालांकि धोनी मार्च से टीम के साथ जुड़े हुए हैं और नेट्स व प्रैक्टिस मैचों में हिस्सा ले चुके हैं, जिनकी झलकियां सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, लेकिन वह अब तक किसी मुकाबले में नहीं खेले हैं और मैच के दिनों में भी सुर्खियों से दूर रहे हैं. इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने हाल के मुकाबलों में शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखा है. टीम के चार लीग मैच बाकी हैं और अगर वह इनमें से कम से कम तीन जीत लेती है तो प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रहेंगी.
धोनी आईपीएल से ले सकते हैं संन्यास
पूर्व सीएसके स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने धोनी की संभावित वापसी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी वापसी से टीम का मौजूदा संयोजन बिगड़ सकता है और फिलहाल उनकी वापसी की संभावना काफी कम है. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “अगर एमएस धोनी आते हैं तो टीम का कॉम्बिनेशन बदल जाएगा. यह बहुत मुश्किल हो जाएगा, इसलिए मुझे उनकी वापसी की संभावना बहुत कम लगती है. अगर सीएसके अपने अगले तीन में से दो मैच हार जाती है, तो उन्हें चेन्नई में फेयरवेल मैच मिल सकता है.”
रोहित शर्मा की वापसी पर भी बोले अश्विन
अश्विन ने मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने हैमस्ट्रिंग चोट से वापसी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 84 रन की मैच जिताऊ पारी खेली. अश्विन ने कहा, “रोहित शर्मा ने बहुत शानदार पारी खेली. जिस तरह उन्होंने आवेश खान को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का मारा, उस शॉट को 1000 बार देख सकते हैं. उन्होंने मणिमारन सिद्धार्थ को भी गेंदबाज के ऊपर से छक्का लगाया. लेकिन एलएसजी और एमआई का इस आईपीएल में ज्यादा सीन नहीं है. मुंबई को सिर्फ खुद को साबित करना है.