Home > छत्तीसगढ़ > Kurud Municipality: कुरूद नगर पालिका में सियासी दंगल, विकास के प्रस्ताव पास, ‘नारी शक्ति’ पर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष आमने-सामने

Kurud Municipality: कुरूद नगर पालिका में सियासी दंगल, विकास के प्रस्ताव पास, ‘नारी शक्ति’ पर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष आमने-सामने

Kurud Municipality: कुरूद नगर पालिका की बैठक में जहां 1.5 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई, वहीं नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली. बैठक सियासी और विकास दोनों मुद्दों के कारण चर्चा में रही.

By: Ranjana Sharma | Published: April 27, 2026 7:31:52 PM IST



Kurud Municipality: धमतरी  नगर पालिका की आठवीं पी.आई.सी. बैठक में सोमवार को जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. अध्यक्ष कक्ष में हुई इस बैठक में विकास की ‘गंगा’ बहाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तो पास हुए, लेकिन चर्चा विकास से ज्यादा ‘निंदा प्रस्ताव’ की रही. नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच ऐसी तलवारें खिंचीं कि बैठक में सियासी पारा चढ़ गया.

अध्यक्ष ने उठाया ‘नारी शक्ति’ का मुद्दा

बैठक की कमान संभाल रहीं अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने नारी शक्ति वंदन बिल का मुद्दा उठाकर विपक्ष को आड़े हाथों लिया. एक महिला अध्यक्ष होने के नाते अपना दर्द बयां करते हुए उन्होंने कहा, “विपक्ष ने महिला विधेयक को अटकाकर नारी शक्ति का अपमान किया है.” इसके साथ ही अध्यक्ष ने 4 सभापतियों के साथ मिलकर विपक्ष के खिलाफ ‘निंदा प्रस्ताव’ भी पारित कर दिया.

सत्ता का दुरुपयोग हो रहा

अध्यक्ष के इस रुख पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू ने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने निंदा प्रस्ताव को भाजपा की ‘भ्रामक राजनीति’ बताते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को बदनाम किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे इस एजेंडे का पुरजोर विरोध करते हैं.

 1.5 करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

सियासी घमासान के बीच बैठक में करीब 1.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई. शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण, नए बस स्टैंड के निर्माण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने जैसे प्रस्ताव पारित किए गए. अब शिवाजी चौक, सुभाष चंद्र बोस चौक, कारगिल चौक और घड़ी चौक को विदेशी तर्ज पर विकसित किया जाएगा. साथ ही महारानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर नया बस स्टैंड तैयार किया जाएगा, जिससे शहर को आधुनिक पहचान मिलेगी.

रोशनी, सफाई और व्यवस्थाओं पर भी फोकस

शहर की सड़कों और मुक्तिधाम मार्ग पर आधुनिक ‘ऑक्टागनल पोल’ लगाए जाएंगे, जिससे रात में बेहतर रोशनी की व्यवस्था होगी. मानसून से पहले नालियों की सफाई के लिए ‘स्पेशल स्वीपर गैंग’ तैनात करने का भी निर्णय लिया गया. बैठक के अंत में अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और अजय चंद्राकर के विकास कार्यों को कोई रोक नहीं सकता. उन्होंने कुरूद को व्यवस्थित और सुंदर शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई. हालांकि, इस बैठक में स्थानीय मुद्दों के साथ राष्ट्रीय राजनीति के प्रभाव की भी चर्चा होती रही.

Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement