Gaurela water tank collapse: छत्तीसगढ़ के गौरेला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1, पतेरा टोला में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. वर्षों से जर्जर हालत में खड़ी पानी की टंकी अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी. पानी की टंकी
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पानी की टंकी पिछले करीब 10 वर्षों से बंद पड़ी थी और पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी. इसकी हालत को लेकर पहले भी नगर पालिका को कई बार अवगत कराया गया था. रहवासियों का कहना है कि पानी की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने हाल ही में टंकी में फिर से पानी भरना शुरू किया, जबकि उसकी हालत बेहद खराब थी.
अचानक ढही टंकी, हजारों लीटर पानी फैला
जैसे ही टंकी में पानी का दबाव बढ़ा, वह अचानक ढह गई. इसके बाद हजारों लीटर पानी तेज बहाव के साथ आसपास के घरों और आंगनों में घुस गया. गनीमत रही कि घटना के समय टंकी के पास कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई. पानी के तेज बहाव से कई घरों में पानी भर गया और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. रहवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद टंकी की मरम्मत या हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह हादसा हुआ. प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर आगे आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले की जांच की बात कही है.
Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.