Dhamtari robbery case: धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में हुई लूट और चाकूबाजी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है.
शादी समारोह के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के पेण्डरवानी निवासी दयानंद साहू 27 अप्रैल की शाम अपने परिवार के साथ सिहाद गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे. रात करीब 9:15 बजे वे अपने रिश्तेदार तिलक राम साहू के साथ पंचायत भवन के पीछे तालाब के पास गए थे. इसी दौरान चार युवकों ने दोनों को घेर लिया और धारदार हथियार दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी. आरोपियों ने दयानंद साहू से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली.
विरोध करने पर चाकू से हमला
जब दयानंद साहू ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके बाएं जांघ में वार कर उन्हें घायल कर दिया. वहीं तिलक राम साहू से भी 500 रुपये लूट लिए गए और उन्हें भी चोट पहुंचाई गई. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से आरोपियों की तलाश शुरू की.
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया. सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को स्वीकार कर लिया है. उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक कैंची भी जब्त की है, जिसका उपयोग वारदात में किया गया था.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.