Dhamtari Police Zero Tolerance: धमतरी पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर “जीरो टॉलरेंस” नीति का कड़ा संदेश दिया है. “ऑपरेशन निश्चय” के तहत चलाए जा रहे अभियान में अब न केवल नशा बेचने वाले, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सेवन करने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है. थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भर्री पारा इलाके में एक युवक खुलेआम हेरोइन (चिट्टा) का सेवन कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जोधापुर वार्ड में घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को मौके पर ही नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
तलाशी में मिला चिट्टा, वाहन और मोबाइल
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से 0.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) (कीमत करीब 7,000 रुपये), एक मोपेड (40,000 रुपये), मोबाइल फोन (6,000 रुपये), लाइटर और अन्य सामग्री बरामद की गई. जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 53,020 रुपये आंकी गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया. बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार युवक की पहचान धनेश्वर यादव उर्फ धन्नू (22 वर्ष), निवासी सोरिद, जोधापुर वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है.
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.