Home > छत्तीसगढ़ > Dhamtari ganja seizure: धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Dhamtari ganja seizure: धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Dhamtari ganja seizure: धमतरी पुलिस ने सांकरा चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 55 किलो गांजा, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जो ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे थे.

By: Ranjana Sharma | Published: May 5, 2026 2:10:35 PM IST



Dhamtari ganja seizure: धमतरी जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. सांकरा चेक पोस्ट पर की गई सघन वाहन जांच में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है. 4 मई को सांकरा नाके पर मैनपुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट डस्टर (MH 45 AD 9001) को पुलिस ने रोककर जांच की. तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ.

38 पैकेटों में छिपाया गया था 55 किलो गांजा

पुलिस ने वाहन से 38 पैकेटों में भरा कुल 54.970 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इसकी बाजार कीमत करीब 27.50 लाख रुपये आंकी गई है. इसके साथ ही एक कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिससे कुल जब्ती 33.53 लाख रुपये तक पहुंच गई. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदकर महाराष्ट्र के नासिक ले जा रहे थे. यह पूरा नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था.

तीन युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

इस मामले में महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. विशेष रूप से ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा के ट्राई-जंक्शन क्षेत्रों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है. करीब 15 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में पुलिस ने 127 किलो गांजा जब्त किया था, जिससे तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा था.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement