Home > छत्तीसगढ़ > Dhamtari news: भखारा नगर पंचायत की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख से अधिक बकाया पर दो दुकानें सील

Dhamtari news: भखारा नगर पंचायत की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख से अधिक बकाया पर दो दुकानें सील

Dhamtari news: धमतरी जिले की भखारा-भठेली नगर पंचायत ने 15.26 लाख रुपये के बकाया पर दो दुकानों को सील कर सख्त कार्रवाई की है. कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान न करने पर यह कदम उठाया गया. प्रशासन ने अन्य बकायादारों को भी चेतावनी दी है.

By: Ranjana Sharma | Published: April 30, 2026 6:06:40 PM IST



Dhamtari news: धमतरी जिले की भखारा-भठेली नगर पंचायत ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. लंबे समय से लीज और किराया नहीं चुकाने वाले दो दुकानदारों की दुकानें सील कर दी गईं. दोनों पर कुल 15,26,000 रुपये का बकाया था, जिसे जमा नहीं करने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया.

15 लाख से अधिक बकाया पर कार्रवाई

नगर पंचायत द्वारा की गई इस कार्रवाई में दो बकायादार दुकानदारों की दुकानों को सील किया गया. प्रशासन के अनुसार, दोनों पर मिलाकर 15 लाख 26 हजार रुपये से अधिक की राशि बकाया थी, जिसे बार-बार नोटिस देने के बावजूद जमा नहीं किया गया.

नोटिस के बाद भी नहीं किया भुगतान

प्रशासन ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को तीन-तीन बार नोटिस जारी किए गए थे. इसके बावजूद उन्होंने बकाया राशि जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई, जिसके चलते मजबूरन सख्त कदम उठाना पड़ा.
यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया के निर्देश पर राजस्व एवं अतिक्रमण अमले द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में की गई. मौके पर पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए दुकानों को सील किया गया.

किन दुकानदारों पर कितना बकाया

सील की गई दुकानों में नवनीत सोन पर 11,76,000 रुपये की लीज राशि बकाया थी, जबकि गेवेन्द कुमार साहू पर 3,50,000 रुपये का किराया बकाया था. दोनों मामलों में लगातार अनदेखी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की. यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 के तहत की गई. मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.

अन्य बकायादारों को चेतावनी

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नगर विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए लीज और किराया आय बेहद जरूरी है. उन्होंने अन्य बकायादारों को चेतावनी दी कि वे सात दिनों के भीतर अपनी राशि जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी दुकान सील कर नीलामी की कार्रवाई की जाएगी. नगर पंचायत की इस कार्रवाई को राजस्व वसूली और प्रशासनिक सख्ती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे अन्य बकायादारों में भी जागरूकता और सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement