Home > छत्तीसगढ़ > CGBSE 12th result 2026: धमतरी की बेटी कुसुमलता ने रचा इतिहास, 12वीं बोर्ड में 97.40% अंक, प्रदेश की मेरिट लिस्ट में मारी बाजी

CGBSE 12th result 2026: धमतरी की बेटी कुसुमलता ने रचा इतिहास, 12वीं बोर्ड में 97.40% अंक, प्रदेश की मेरिट लिस्ट में मारी बाजी

CGBSE 12th result 2026: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में कंडेल गांव की छात्रा कुसुमलता बिपरे ने 97.40 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाया है.

By: Ranjana Sharma | Published: April 29, 2026 5:00:27 PM IST



CGBSE 12th result 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में धमतरी जिले ने गौरव का नया अध्याय लिखा है. जिले के कंडेल गांव की प्रतिभाशाली छात्रा कुसुमलता बिपरे ने कक्षा 12वीं में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य (मेरिट) सूची में स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है.

मेहनत और लगन से हासिल की सफलता

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कंडेल की छात्रा कुसुमलता ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया. परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर और गांव में जश्न का माहौल बन गया, जहां शिक्षकों और साथियों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की.

माता-पिता और शिक्षकों को दिया श्रेय

कुसुमलता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता संतोष बिपरे, माता पवन गंगा बिपरे तथा विद्यालय के शिक्षकों को दिया है. उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास उनकी सफलता की कुंजी रहे. अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकती- कुसुमलता बिपरे

सरकारी स्कूलों के लिए बनी प्रेरणा

विद्यालय के प्राचार्य ने कुसुमलता की इस उपलब्धि को पूरे स्कूल के लिए गौरव का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि कुसुमलता ने यह साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. परिणाम घोषित होने के बाद से ही कुसुमलता को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है. शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. धमतरी जिले के लिए यह उपलब्धि न केवल गर्व का विषय है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है.

Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement