Home > छत्तीसगढ़ > छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ, CM भी रहे मौजूद; केंद्रीय मंत्री मांडविया बोले- विकसित छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित भारत

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ, CM भी रहे मौजूद; केंद्रीय मंत्री मांडविया बोले- विकसित छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित भारत

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम की शुरुआत की और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता को संबोधित किया.

By: Kamesh Dwivedi | Published: November 3, 2026 12:17:53 PM IST



छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के मौके पर तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम की शुरुआत की.  इस मौके पर उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना ही विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्या कहा?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की चुनौती से बाहर निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है. राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकारी योजनाओं से गरीबों, किसानों और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है.

अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी छत्तीसगढ़ के निर्माण की नींव

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां के विकास की मजबूत नींव रखी थी. उनका सपना था कि स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं को अलग पहचान मिले और प्रदेश की विकास संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वही सपना आगे बढ़ रहा है.
 
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं, प्राकृतिक संपदा और यहां के मेहनती लोग प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं. पहले बस्तर की पहचान मुख्य रूप से नक्सलवाद से जुड़ी थी, लेकिन अब वहां खेल, पर्यटन, संस्कृति और विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं. बस्तर के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ औद्योगिक निवेश के लिए भी एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है.

नक्सलवाद से निकलकर विकास की राह पर बस्तर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक बस्तर के विकास में बड़ी बाधा बना रहा. प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद इस समस्या के कारण कई इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाईं.
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर अब शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है.
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के दूर-दराज के गांवों तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाएं पहुंचाना है. नक्सल प्रभावित इलाकों के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी दिए जा रहे हैं.

रोज बन रहे 1,600 प्रधानमंत्री आवास, 68 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में हर दिन करीब 1,600 पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों को सुरक्षित घर मिल रहा है.
 
उन्होंने बताया कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है. किसानों को लंबित बोनस का भुगतान भी किया गया है.
 
मुख्यमंत्री के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है. इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और परिवार की जरूरतें पूरी करने में उन्हें मदद मिल रही है.
 
इसके अलावा चरण पादुका योजना दोबारा शुरू की गई है. भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है.

50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्री रामलला दर्शन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है और यहां के लोगों की उनके प्रति गहरी आस्था है. सरकार का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी अयोध्या की यात्रा का अवसर मिले.
 
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों की भी जानकारी दी. मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ के गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर 21 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. इसके साथ ही उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.

लोक संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की पहचान हैं. पंडवानी, पंथी और ददरिया जैसी लोककलाएं यहां की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लोककलाओं को बचाने और कलाकारों को सम्मान देने के लिए काम कर रही है. पंडवानी की प्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय तीजन बाई की स्मृति में राज्य अलंकरण की शुरुआत भी की गई है.
 
उन्होंने कहा कि चित्रकोट जलप्रपात, सिरपुर, राजिम, रामगढ़ की प्राचीन गुफाएं और मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों में विकास की काफी संभावनाएं हैं. पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, हस्तशिल्पकारों और छोटे कारोबारियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भी हिस्सा लिया.

Advertisement