Home > छत्तीसगढ़ > Mahewa Panchayat Scam: बलरामपुर में बड़ा घोटाला, 27 लाख की हेराफेरी; सवालों के घेरे में कांग्रेस नेता

Mahewa Panchayat Scam: बलरामपुर में बड़ा घोटाला, 27 लाख की हेराफेरी; सवालों के घेरे में कांग्रेस नेता

Mahewa Panchayat Scam: बलरामपुर के महेवा पंचायत में 27 लाख के कथित गबन से हड़कंप, कांग्रेस नेता रामदेव जगते पर बिना काम फर्जी दस्तावेजों से राशि निजी खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप लगा.

By: Preeti Rajput | Published: May 6, 2026 10:05:44 AM IST



Mahewa Panchayat Scam: बलरामपुर जनपद पंचायत वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत महेवा में पंचायत निधि के कथित गबन का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव रामदेव जगते पर पंचायत की करीब 27 लाख रुपए की राशि के गबन का आरोप लगा है. आरोप है कि पंचायत में विकास कार्य कराए बिना फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राशि निकालकर निजी खाते में ट्रांसफर कराई गई.

27 लाख के गबन का मामला उजागर

जानकारी के अनुसार, जिस दौरान यह वित्तीय लेन-देन हुआ, उस समय ग्राम पंचायत महेवा की सरपंच रामदेव जगते की पत्नी थीं. आरोप है कि सरपंच पद का प्रभाव और अधिकार का इस्तेमाल कर पंचायत निधि में अनियमितता की गई. मामले में पंचायत के अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच के दौरान कई गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं.बताया जा रहा है कि पूरे मामले का खुलासा सूचना का अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेजों से हुआ. दस्तावेजों में कई ऐसे भुगतान और राशि हस्तांतरण का उल्लेख मिला, जिनके बदले जमीन पर कार्य होने के प्रमाण नहीं मिले. इसके बाद शिकायत होने पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने मामले की जांच कराई.

कांग्रेस नेता रामदेव जगते पर गंभीर आरोप

जांच के बाद जनपद CEO ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दी है. रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने की बात सामने आई है. अब प्रशासनिक स्तर पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है. इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच पंचायत निधि के उपयोग और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement