Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से आत्महत्या का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले के राजपुर क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक युवकी की पांच मई को शादी हुई थी. शादी के बाद उसने सुहागरात पर पति से कहा था कि वह किसी और को पसंद करती है, उसके साथ नहीं रहेगी. इसके बाद मायके वाले उसे विदा कराकर ले गए थे.
इसी बीच युवती ने मायके में जहर खा लिया. इसके पहले व्हाट्सएप पर उसने पिता को जहर की शीशी की तस्वीर भी भेजी थी. मृतका जिस युवक को पसंद करती थी, उससे शादी करने से परिजनों ने मना कर दिया था और सूरजपुर जिले के एक गांव के युवक से सामाजिक रीति-रिवाज से उसकी शादी कराई थी.
पिता को फोन कर युवती ने क्या कहा था?
इसी से क्षुब्ध होकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का संदेह जताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि 15 मई की सुबह पिता समेत घर के अन्य सदस्य बाहर गए थे. इस दौरान नवविवाहिता अकेली थी. इसी बीच उसने अपने पिता को फोन किया और कहा कि व्हाट्सएप चेक कर लें.
इसके बाद जब पिता ने व्हाट्सएप चेक किया तो जहर की शीशी की फोटो थी. पिता जब घर पहुंचे तो बेटी जहर खा चुकी थी. राजपुर अस्पताल से चिकित्सकों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था. शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई.
दूसरे युवक से शादी करना चाहती थी युवती
युवती के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका एक अन्य युवक से प्रेम करती थी. वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन घरवालों ने यह कहते हुए मना कर दिया था कि युवक दूसरे समाज का है. इसके बाद घरवालों ने अपने ही समाज के युवक से उसकी शादी कर दी थी. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है.