भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी पाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आरआरबी तकनीशियन भर्ती 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. इसमें रेलवे बोर्ड ने अलग-अलग रेलवे जोन में तकनीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) और तकनीशियन ग्रेड थ्री के 6,557 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू हो गई है. इच्छुक उम्मीदवार चाहें तो अपना आवेदन आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in के माध्यम से जमा करा सकते हैं. ऐप्लीकेशन फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तारीख 29 जुलाई, 2026 बताई गई है. रात 11:59 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
कौन-कौन कर सकता है आवेदन?
रेलवे तकनीशियन भर्ती 2026 के ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक, तकनीशियक पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10 (मैट्रिक) या समकक्ष परीक्षा में पास होना अनिवार्य है. उम्मीदवार के पास एनसीवीटी या एससीवीटी द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाण पत्र भी होना चाहिए. वैलिड अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट वाले उम्मीदवार भी आवेदन करने के लिए पात्र हैं.
- टेक्नीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) पद के लिए उम्मीदवार के पास इंजीनियर में डिप्लोमा या डिग्री अनिवार्य है. इस पद के लिए आयु सीमा 18-33 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
- टेक्नीशियन ग्रेड-3 पद के लिए आयु सीमा 18 से 30 साल निर्धारित की गई है. हालांकि आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी मानदंडों के हिसाब से आयु सीमा में छूट का भी प्रावधान किया गया है.
कहां और कैसे करना है आवेदन?
- सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं.
- यहां मांगी गई पर्सनल इंफॉर्मेशन फिल करके अपना रजिस्ट्रेशन कराएं.
- होम पेज पर नोटिफिकेशन के सेक्शन में जाएं और भर्ती के लिक पर क्लिक करें.
- यहां से आपको ऑनलाइन आवेदन पत्र मिल जाएगा, इसमें सभी जानकारियां ध्यानपूर्वक भर दें.
- ऐप्लीकेशन फॉर्म के साथ मांगे गए दस्तावेजों की सॉप्ट कॉपी वेबसाइट पर अपलोड कर दें.
- आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करें और फॉर्म सब्मिट करने से पहले प्रीव्यू करें
- जैसे ही वेरिफिकेशन हो जाए तो साइट से अपना ऐप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड कर लें.
सलेक्शन प्रोसेस और सैलरी की डिटेल्स
आरआरबी तकनीशियन भर्ती 2026 के सलेक्शन प्रोसेस में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट भी शामिल है. सभी करणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों के फाइनल अपॉइंटमेंट पर विचार किया जाएगा. नोटिफिकेशन के मुताबिक, चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत आकर्षक वेतन मिलेगा.
- टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 29,200 रुपये प्रति माह (वेतन स्तर-5) की बेसिक सैलरी मिलेगी.
- टेक्नीशियन ग्रेड-III के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 19,900 रुपये प्रति माह (वेतन स्तर-2) की बेसिक सैलरी मिलेगी.
- बेसिक सैलरी के अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), परिवहन भत्ता (TA), चिकित्सा सुविधाएं, पेंशन लाभ और रेल यात्रा रियायतें जैसे लाभ भी मिलेंगे.
ये भी पढ़ें:- महाराष्ट्र TET पेपर लीक का बिहार कनेक्शन! मास्टरमाइंड की पत्नी पटना से गिरफ्तार, 4 राज्यों की पुलिस अलर्ट!