MP Police Constable Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस कॉन्स्टेबल बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आवेदन का समय अब खत्म होने वाला है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से आयोजित MP Police Constable Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में जिन योग्य उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें बिना देरी किए आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर फॉर्म जमा कर देना चाहिए.
इस भर्ती अभियान के तहत मध्य प्रदेश गृह (पुलिस) विभाग के पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) और नॉन-SAF कैडर में कुल 7,500 पुलिस कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) पद भरे जाएंगे. भर्ती का नोटिफिकेशन 9 सितंबर 2026 को जारी हुआ था, जबकि आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू की गई थी.
MP Police Constable Eligibility: कौन कर सकता है आवेदन?
MP Police Constable भर्ती के लिए सामान्य तौर पर उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. वहीं मध्य प्रदेश के अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है. 6 अक्टूबर 2026 को उम्मीदवार की आयु कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को मध्य प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कुल शुल्क 700 रुपये है. इसमें 500 रुपये ESB शुल्क और 200 रुपये विभागीय शुल्क शामिल हैं. मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC और EWS उम्मीदवारों को कुल 350 रुपये का भुगतान करना होगा. MPOnline कियोस्क से आवेदन करने पर 60 रुपये और रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के लिए 20 रुपये का अतिरिक्त पोर्टल शुल्क लागू है.
MP Police Constable 2026: कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं.
आवश्यक आधार और बायोमेट्रिक जानकारी के साथ प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन करें.
Police Constable Recruitment Examination 2026 के लिंक पर क्लिक करें.
आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारी भरें.
आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें.
निर्धारित आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें.
फॉर्म सबमिट करके कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें.
फॉर्म जमा करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी सभी जानकारी और अपलोड किए गए दस्तावेजों को अच्छी तरह जांच लेना चाहिए.
यहां देखें आवेदन लिंक और नोटिफिकेशन
MP Police Constable Recruitment 2026 के लिए अप्लाई करने का लिंक
MP Police Constable Recruitment 2026 नोटिफिकेशन
Selection Process: लिखित परीक्षा से PET तक
चयन प्रक्रिया में 100 अंकों की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और इसके बाद 100 अंकों का Physical Efficiency Test (PET) शामिल होगा. उम्मीदवारों को PMT, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच भी पास करनी होगी. PET में 800 मीटर दौड़ के लिए 40 अंक, लंबी कूद के लिए 30 अंक और शॉट पुट के लिए 30 अंक निर्धारित हैं. शारीरिक मानक कैडर और श्रेणी के अनुसार अलग-अलग होंगे. पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 से 168 सेमी के बीच और महिला उम्मीदवारों के लिए 155 सेमी निर्धारित है.
MP Police Constable Computer-Based Examination 2026 की शुरुआत 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन में सुधार की सुविधा 11 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी.