ISRO Recruitment 2026: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अंतर्गत आने वाले टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (ISTRAC), बेंगलुरु ने वर्ष 2026 के लिए बड़ी भर्ती की घोषणा की है. विज्ञापन संख्या ISTRAC:02:2026 के तहत टेक्निकल, साइंटिफिक और सपोर्ट स्टाफ के कई पदों पर आवेदन मांगे गए हैं. आवेदन प्रक्रिया आज यानी 27 जून 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार जो कोई भी इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे इसरो की आधिकारिक वेबसाइट isro.gov.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं.
इसरो के इस भर्ती के माध्यम से अलग-अलग कई पदों पर बहाली की जाएगी. आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार 20 जुलाई तक या उससे पहले ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं. यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है जो भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़कर करियर बनाना चाहते हैं.
किन पदों पर निकली है भर्ती?
इस भर्ती अभियान में कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं, जैसे:
टेक्निकल असिस्टेंट
साइंटिफिक असिस्टेंट
लाइब्रेरी असिस्टेंट-A
टेक्नीशियन-B
ड्राफ्ट्समैन-B
कुक-A
इन पदों पर नियुक्तियां अस्थायी आधार पर होंगी, लेकिन भविष्य में इन्हें जारी रखने की संभावना भी बताई गई है. चयनित उम्मीदवारों को भारत के किसी भी ISRO केंद्र में तैनात किया जा सकता है.
आवेदन तिथि और फीस विवरण
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 जून 2026 को सुबह 10 बजे शुरू हुई और 20 जुलाई 2026 रात 11:55 बजे तक चलेगी. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.
फीस स्ट्रक्चर इस प्रकार है:
टेक्निकल/साइंटिफिक असिस्टेंट: 750 रुपये (250 आवेदन + ₹500 प्रोसेसिंग)
टेक्नीशियन-B, ड्राफ्ट्समैन-B, कुक-A: 500 रुपये (100 आवेदन + ₹400 प्रोसेसिंग)
ध्यान रहे, प्रोसेसिंग फीस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को वापस कर दी जाएगी.
योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 20 जुलाई 2026 तक 18 से 35 वर्ष होनी चाहिए. सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों को आयु में छूट दी जाएगी.
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग रखी गई है. इसमें ITI, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, B.Sc, लाइब्रेरी साइंस में डिग्री/मास्टर्स और कुक पद के लिए संबंधित अनुभव शामिल है.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा या कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. इसके बाद कुछ पदों के लिए स्किल टेस्ट भी आयोजित होगा. अंतिम चरण में दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवारों को ISRO की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा. आवेदन सबमिट करने के बाद जनरेट हुआ रजिस्ट्रेशन नंबर सुरक्षित रखना जरूरी है. साथ ही भविष्य के उपयोग के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट भी लेना चाहिए.
ISRO ISTRAC की यह भर्ती युवाओं के लिए न सिर्फ नौकरी का अवसर है, बल्कि देश के अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बनने का सुनहरा मौका भी है.
ये भी पढ़ें…
Maharashtra TET 2026 Postponed: महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा स्थगित, पेपर लीक के बाद हड़कंप, जानिए क्या है पूरा मामला
CGPSC SI Admit Card 2026 Released: सीजीपीएससी एसआई एडमिट कार्ड जारी, इस Direct Link से करें डाउनलोड